महाराष्ट्र: NCP-कांग्रेस-शिवसेना के 6 में से 4 मुस्लिम विधायक बने उद्धव सरकार में मंत्री

  • Follow Newsd Hindi On  
महाराष्ट्र: NCP-कांग्रेस-शिवसेना के 6 में से 4 मुस्लिम विधायक बने उद्धव सरकार में मंत्री

महाराष्ट्र में सोमवार को उद्धव सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। उद्धव ठाकरे राज्य के मुख्यमंत्री हैं और अब उनके बेटे आदित्य ठाकरे कैबिनेट मंत्री बन गए हैं। अजित पवार एक बार फिर राज्य के उपमुख्यमंत्री बने हैं, महीने में दूसरी बार उन्होंने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। आज कैबिनेट विस्तार में कुल 36 मंत्रियों ने शपथ ली। वहीं चार मुस्लिम विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। इन चार मंत्रियों में दो एनसीपी से, जबकि एक-एक कांग्रेस और शिवसेना से हैं।

महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी-शिवसेना के कुल छह मुस्लिम विधायक हैं, जिनमें से चार को उद्धव ठाकरे कैबिनेट में जगह मिली है। एनसीपी ने अपने दोनों मुस्लिम विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनाया है तो कांग्रेस ने एक को कैबिनेट मंत्री बनाया है। शिवसेना ने अपने एकलौते मुस्लिम विधायक को राज्यमंत्री बनाया है। महाराष्ट्र की सियासत में 12 फीसदी मुस्लिम मतदाता हैं और 10 मुस्लिम विधायक चुनकर आए हैं।


एनसीपी

एनसीपी नेता और पार्टी प्रवक्ता नवाब मलिक ने मंत्री पद की शपथ ली है। मूलत: उत्तर प्रदेश के रहने वाले नवाब मलिक मुंबई इकाई के अध्यक्ष भी हैं और महाराष्ट्र के पूर्व आवास मंत्री रह चुके हैं। नवाब मलिक को एनसीपी प्रमुख शरद पवार का बेहद विश्वासी और खास माना जाता है। मलिक 1996, 1999 और 2004 में नेहरु नगर से विधायक चुने गए। इस बार नवाब ने अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। वह 2009 से भी इस सीट से जीत चुके हैं।

वहीं हसन मुश्रीफ दूसरे एनसीपी विधायक हैं जिन्हें राज्य मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। कोल्हापुर जिले की कागल विधानसभा सीट से विधायक चुनकर आए हसन एनसीपी के दिग्गज नेताओं में शुमार हैं। हसन मुशर्रफ एनसीपी का मुस्लिम चेहरा माने जाते हैं। पश्चिम महाराष्ट्र की सियासत के हसन मुशर्रफ कद्दावर नेता हैं। इससे पहले भी मंत्री रहे चुके हैं।

कांग्रेस

असलम शेख कांग्रेस कोटे से मुस्लिम मंत्री बनाए गए हैं। असलम शेख ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली है। मुंबई के मलाड इलाके से वह विधायक चुनकर आए हैं। कांग्रेस से वह लगातार तीसरी बार विधायक बने हैं। असलम कांग्रेस से मुस्लिम चेहरा माने जाते हैं। कांग्रेस से महाराष्ट्र में कुल 44 विधायक चुने गए हैं, जिनमें से तीन मुस्लिम विधायक बने हैं।


शिवसेना

शिवसेना विधायक अब्दुल सत्तार को भी उद्धव ठाकरे के विस्तारित मंत्रिमंडल में जगह मिली है। उन्होंने राज्य मंत्री पद की शपथ ली है। सिल्लोड सीट से आने वाले सत्तार शिवसेना के इकलौते मुस्लिम विधायक भी हैं। अब्दुल सत्तार इससे पहले कांग्रेस कांग्रेस में थे और विधानसभा चुनाव से पहले शिवसेना में शामिल हो गए। सत्तार चौथी बार विधायक बने हैं और पहले भी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

गौरतलब है कि शिवसेना के इतिहास में यह दूसरी बार है जब पार्टी ने किसी मुस्लिम विधायक को मंत्री बनाया है। साबिर शेख शिवसेना के पहले मंत्री थे।

महाराष्ट्र में कुल 10 विधायक चुने गए

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में इस बार 10 मुस्लिम विधायक चुनकर आए हैं। AIMIM से डॉ. फारुक शाह धुले शहर सीट से और मुफ्ती मोहम्मद इस्माइल कासमी मालेगांव सीट से विधायक बनकर आए हैं। समाजवादी पार्टी से दो विधायक बने हैं, जिनमें  शिवाजी नगर-मानखुर्द सीट से अबू आसिम आजमी और भिवंडी (पूर्व) से रईस कासम शेख विधायक बने हैं।

महाराष्ट्र में कांग्रेस से तीन मुस्लिम विधायक चुने गए हैं, जिनमें मुंबादेवी से अमीन पटेल, बांद्रा पूर्व से जीशान बाबा सिद्दीकी और मलाड पश्चिम से असलम शेख चुने गए हैं। एनसीपी से दो विधायक मुस्लिम विधायक चुने गए हैं। चेंबूर से नवाब मलिक और कागल से हसन मुशर्रफ विधायक बने जबकि औरंगाबाद में सिल्लोद सीट से अब्दुल सत्तार शिवसेना के टिकट पर विधायक चुने गए हैं।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)