मैटिस ने यूक्रेन मुद्दे पर रूस की आलोचना की

  • Follow Newsd Hindi On  

वाशिंगटन, 2 दिसंबर (आईएएनएस)| अमेरिकी रक्षामंत्री जेम्स मैटिस ने यूक्रेन के साथ नौसैन्य टकराव को लेकर रूस की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मॉस्को ने पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन के साथ समझौते का सरासर उल्लंघन किया है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मैटिस ने यह टिप्पणी कैलिफोर्निया के सिमी वैली में आयोजित रीगन नेशनल डिफेंस फोरम में की। उन्होंने रूस और यूक्रेन के बीच 2003 के समझौते का जिक्र किया, जिसमें दोनों पक्षों की जहाजों को केर्च स्ट्रेट से मुक्त आवागमन की अनुमति दी गई है। केर्च स्ट्रेट काला सागर और अजोव सागर को बांटता है।

यूक्रेनी नौसेना ने 25 नवंबर को कहा था कि रूस बलों ने गोलीबारी की और केर्च स्ट्रेट के पास तीन यूक्रेनी जहाजों पर कब्जा कर लिया, और इस दौरान यूक्रेनी सेना के छह नाविक घायल हो गए।


रूस ने कहा है कि यूक्रेनी जहाजों ने रूसी सीमा का उल्लंघन किया और रूस के आदेश के बावजूद खतरनाक चहलकदमी की।

इस बीच, जी-20 शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच प्रस्तावित मुलाकात रद्द कर दी गई। व्हाइट हाउस ने इसके लिए रूस-यूक्रेन के बीच शत्रुता को कारण बताया है।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)