मैट्रीमोनियल साइट पर हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया, आरोपी गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 14 मार्च (आईएएनएस)| डिफेंस कॉलोनी पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो मैट्रीमोनियल साइट पर महिलाओं से दोस्ती करता था। उन्हें शादी का झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म करता था और उसके बाद फरार हो जाता था। अभी जिस घटना का खुलासा हुआ है, वह दिल्ली में ही घटी थी। डिफेंस कॉलोनी थाना पुलिस ने शनिवार को इस बारे में आईएएनएस को बताया कि पीड़िता इसी इलाके की रहने वाली है। पीड़िता की ओर से पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक, “पीड़िता का पति से तलाक का केस चल रहा है। कुछ ही वक्त में कानूनी रूप से उसे तलाक मिल जाने की उम्मीद है।”

तलाक होने की उम्मीद के चलते ही पीड़िता का परिवार उसकी शादी दूसरी जगह करने की तैयारियों में जुटा था। 28 साल की पीड़िता और उसके परिवार ने लड़के की तलाश में मैट्रीमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाया था। दो जनवरी, 2020 को इस साइट के जरिए एक शख्स संपर्क में आया।


युवक से बातचीत और दोस्ती शुरू हुई। युवक ने बाद में पीड़िता को दिल्ली के एक गेस्ट हाउस में मिलने को बुलाया। वहां आरोपी ने शिकायतकर्ता के साथ दुष्कर्म किया। उस घटना के बाद आरोपी ने अपने सभी सोशल मीडिया साइट्स के अकाउंट बंद कर दिए। मोबाइल पर पीड़िता से बात करना भी बंद कर दिया।

शक होने पर पीड़िता ने परिवार वालों को पूरी बात बताई। कुछ दिन पहले पीड़िता ने डिफेंस कॉलोनी थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत की है। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए गए। लिहाजा दो दिन पहले पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)