दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए गए मनोज तिवारी, आदेश कुमार गुप्ता को सौंपी गई कमान

  • Follow Newsd Hindi On  
दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए गए मनोज तिवारी, आदेश कुमार गुप्ता को सौंपी गई कमान

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) को दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष (Delhi BJP President) पद से हटा दिया गया है। आदेश कुमार गुप्ता (Adesh Kumar Gupta) उनकी जगह नए प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) को छत्तीसगढ़ का प्रदेश अध्यक्ष (Chattissgarh BJP President) नियुक्त किया है। वहीं प्रोफेसर एस टिकेंद्र सिंह (Prof. S Tikendra Singh) को मणिपुर बीजेपी का अध्यक्ष (Manipur BJP President) बनाया गया है।

 


दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए गए मनोज तिवारी, आदेश कुमार गुप्ता को सौंपी गई कमान

पार्टी के इस फैसले पर मनोज तिवारी ने ट्विटर पर लिखा, “भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में इस 3.6 साल के कार्यकाल में जो प्यार और सहयोग मिला उसके लिये सभी कार्यकर्ता,पदाधिकारी,व दिल्ली वासियों का सदैव आभारी रहूँगा। जाने अनजाने कोई त्रुटि हुई हो तो क्षमा करना।” साथ ही उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई भी दी है।

कौन हैं आदेश गुप्ता

मनोज तिवारी को हटाकर बीजेपी ने दिल्ली प्रदेश की कमान आदेश गुप्ता को सौंपी है। आदेश गुप्ता एक साल पहले तक नॉर्थ एमसीडी के मेयर रह चुके हैं। माना जा रहा है कि बीजेपी ने व्यापारी वर्ग को खुश करने के लिए आदेश गुप्ता को आगे किया है। आदेश गुप्ता लंबे समय से बीजेपी से जुड़े रहे हैं और पार्टी के जमीनी नेता बताए जाते हैं। कहा जाता है कि आदेश गुप्ता किसी ज़माने में ट्यूशन पढ़ाकर अपना घर चलाते थे।

मनोज तिवारी की छुट्टी के पीछे क्या है वजह

मनोज तिवारी को पद से क्यों हटाया गया इसके पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं है। लेकिन, अंदरखाने मनोज तिवारी को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाने की मांग काफी वक्त से चल रही थी।

दिल्ली चुनाव में हार के बाद से मनोज तिवारी कई बार गलत कारणों से सुर्ख़ियों में आए। कल की ही बात है, मनोज तिवारी को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सोमवार को लॉकडाउन के नियम का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। वे दिल्ली में कोविड-19 को नियंत्रित करने में अरविंद केजरीवाल सरकार की नाकामी के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए राजघाट पहुंचे थे।

क्या विज्ञापन बांटने दिल्ली सरकार केंद्र से मदद मांग रही : मनोज तिवारी

इससे पहले भी मनोज तिवारी पर लॉकडाउन तोड़ने के आरोप लगे थे। पिछले दिनों वह क्रिकेट मैच खेलने हरियाणा के सोनीपत पहुंच गए थे। वहां उन्होंने मैच के दौरान न तो मास्क लगाया और सोशल डिस्टेंसिंग का भी उल्लंघन किया था।

दिल्ली चुनाव में मिली करारी शिकस्त को भी मनोज तिवारी को हटाने के पीछे बड़ी वजह माना जा रहा है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव इसी साल फरवरी के महीने में हुए थे। इसमें बीजेपी को 70 में से सिर्फ 8 सीट मिली थीं। पार्टी ने यह चुनाव मनोज तिवारी की अध्यक्षता में ही लड़ा था।


लॉकडाउन में क्रिकेट खेलने हरियाणा पहुंच गए मनोज तिवारी, सोशल मीडिया पर हुई फजीहत

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)