मध्य प्रदेश और हरियाणा उपचुनाव की सभी सीटें जीत रही भाजपा : राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम (इंटरव्यू)

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर(आईएएनएस)। मध्य प्रदेश और हरियाणा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के स्टार कैंपेनर और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम का कहना है कि दोनों राज्यों की सभी सीटें भाजपा जीतेगी। इसका कारण यह है कि जनता से लेकर हर स्तर से बहुत सकारात्मक रिपोर्ट पार्टी को मिल रही है। मध्य प्रदेश में 28 और हरियाणा में एकमात्र बरोदा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और दोनों राज्यों की सरकारों के विकास कार्यो के कारण भाजपा क्लीन स्वीप करने जा रही है। मध्य प्रदेश उपचुनाव के मेनिफेस्टो में ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीर गायब होने पर उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। भाजपा का अपना सिस्टम है। यह कोई मुद्दा नहीं होना चाहिए।

दोनों राज्यों के उपचुनाव में अहम भूमिका निभा रहे दुष्यंत कुमार गौतम ने आईएएनएस से कहा, पार्टी हर सीट पर 51 प्रतिशत वोटों की लड़ाई लड़ रही है।


दुष्यंत कुमार गौतम ऐसे नेता हैं,जिन्हें तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपने कार्यकाल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी, वहीं मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी उनकी उपयोगिता समझते हुए इस बार महासचिव का ओहदा दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने आईएएनएस से कहा, मध्य प्रदेश में पार्टी का लक्ष्य सभी 28 की 28 सीटें जीतने का है। सभी सीटें हम जीत भी रहे हैं। कांग्रेस के चरित्र से जनता भलीभांति परिचित है। कांग्रेस के नेता कभी किसी महिला को टंच माल, कभी आइटम कहते हैं तो कभी गरीबों का मजाक उड़ाते हैं। जनता कमलनाथ के झांसे में आने वाली नहीं है। सभी सीटें भाजपा की झोली में आ रहीं हैं।

भाजपा ने उपचुनाव में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले विधायकों को टिकट दिया है, जिस पर चुनाव में दलबदल भी एक मुद्दा है? इस सवाल पर भाजपा के स्टार चुनाव प्रचारक दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा, हम उन्हें दलबदलू नहीं मानते। कांग्रेस छोड़कर भाजपा आने वाले लोग जड़विहीन नहीं हैं। बल्कि वे सच्चे जनप्रतिनिधि हैं। जब उन्हें लगा कि कांग्रेस में रहते हुए जनता का भला नहीं हो सकता तो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा को समर्थन देने का निर्णय लिया।


भविष्य में कांग्रेस के और विधायकों के भाजपा में आने के सवाल पर दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि पार्टी के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। निजी स्वार्थ नहीं बल्कि जनता के हित में पार्टी में आने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है। देश की 85 प्रतिशत जनता, प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन करती है। कमलनाथ के सौदेबाजी के आरोपों पर भाजपा महासचिव ने कहा कि उनका हाल खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसा है। अपने विधायकों को संभाल नहीं पाते,तो हम क्या करें।

28 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग जारी मेनिफेस्टो और उस पर ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीर गायब होने के सवाल पर दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में सभी विधानसभा क्षेत्रों का एकसमान रूप से विकास नहीं हुआ। खुद मंत्री इमरती देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री रहते कमलनाथ ने अपने क्षेत्र में पूरा पैसा लगाया था। इसलिए पार्टी ने उपचुनाव में सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग संकल्प पत्र जारी किया है। हर विधानसभा के विकास के लिए पार्टी ने विजन पेश किया है।

जहां तक सिंधिया की तस्वीर की बात है तो भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। इसका अपना सिस्टम है। विपक्ष का काम दूसरे के घर में आग लगाकर मजे लेने का है।

हरियाणा की बरोदा सीट भाजपा के लिए अब तक बंजर साबित हुई है। क्या कमल खिलेगा? इस सवाल पर भाजपा महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा, पार्टी उम्मीदवार पहलवान योगेश्वर दत्त ने दुनिया में भारत का नाम रौशन किया है। भारत के इस गौरव के साथ हर जाति के लोग खड़े हैं। बरौदा में जातिवाद की दीवार तोड़कर योगेश्वर दत्त जीतेंगे। बरौदा में चावल मिल, यूनिवर्सिटी सहित कई तरह के विकास कार्य हो रहे हैं। कोरोना काल में हरियाणा में बेहतर तरीके से संगठन और सरकार ने राहत कार्यों का संचालन किया। इसका चुनाव में असर है। जनता मोदी सरकार और खट्टर सरकार के कार्यो की वजह से वोट देगी।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बरौदा क्षेत्र में वर्चस्व होने के सवाल पर दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि यह अलग तरह का चुनाव है। हुड्डा परिवार का बरोदा उपचुनाव में वर्चस्व टूटेगा।

–आईएएनएस

एनएनएम/आरएचए

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)