मध्य प्रदेश में राजनीतिक संकट के बीच सोनिया से मिले कमलनाथ

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)| राज्यसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में पैदा हुए राजनीतिक संकट के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को यहां कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं ने मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही इस महीने के अंत में होने वाले राज्यसभा चुनाव पर चर्चा की।

बैठक के बाद कमलनाथ ने कहा, “मैंने उनके साथ कई मुद्दों पर चर्चा की है। कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करेंगे।”


भोपाल में कैबिनेट विस्तार को लेकर लॉबिंग चल रही है, क्योंकि निर्दलीय विधायकों को कैबिनेट में शामिल किए जाने की संभावना है। कैबिनेट का विस्तार होली के बाद किया जा सकता है।

कांग्रेस विधायक बिसाहू लाल सिंह ने बेंगलुरू से लौटने के बाद रविवार को भोपाल में कमलनाथ से मुलाकात की थी।

बिसाहू लाल सिंह उन 10 विधायकों में से एक हैं, जो अचानक से गायब हो गए थे।


सत्तारूढ़ कांग्रेस के 10 विधायकों के अचानक राज्य छोड़ने के बाद मध्य प्रदेश में एक बड़ा राजनीतिक ड्रामा हुआ। दो विधायकों रघुराज सिंह कंसाना और हरदीप सिंह डंग का अभी भी पता नहीं चला है। डंग ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री कमलनाथ को भेजा था।

इस बीच भाजपा के तीन बागी विधायकों ने गुरुवार देर रात मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात की थी। इनमें से दो विधायकों ने तो खुलेआम विद्रोह किया है, मगर तीसरे विधायक संजय त्रिपाठी ने कहा है कि वह भाजपा नहीं छोड़ रहे हैं।

अब असली परीक्षा राज्यसभा चुनाव में होगी, जहां दूसरी सीट के लिए लड़ाई कांटे की हो सकती है। संभावना यह है कि कांग्रेस और भाजपा को राज्यसभा चुनाव में एक-एक सीट मिलेगी। तीसरी सीट के लिए मुकाबला चल रहा है, जिसके लिए गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेसी विधायकों को प्रतिद्वंद्वी दलों द्वारा लालच दिया जा रहा है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)