महागठबंधन नामदारों, नकारात्मकता, अस्थिरता का गठजोड़ : मोदी

  • Follow Newsd Hindi On  

 नई दिल्ली, 20 जनवरी (आईएएनएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महागठबंधन को भ्रष्टचार, नकारात्मकता और अस्थिरता का परिचायक बताते हुए विपक्षी दलों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।

  मोदी ने कहा, “महागठबंधन एक अनोखा बंधन है। यह नामदारों का बंधन, भाई-भतीजावाद का बंधन, भष्टाचार और घोटालों का बंधन, नकारात्मकता का बंधन, अस्थिरता और असमानता का बंधन है।”


प्रधानमंत्री ने यह टिप्पणी महाराष्ट्र के हटकांगले, कोल्हापुर, माढ़ा, सतारा और गोवा के दक्षिण गोवा लोकसभा संसदीय क्षेत्र के बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान की।

उन्होंने कहा, “उनका दलों का गठबंधन है और हमारा 130 करोड़ भारतीयों का गठबंधन है। हम जनता के सपनों और आकांक्षाओं के प्रति समर्पित हैं, जबकि वे अपने बेटे और बेटियों को प्रमोट कर रहे हैं। उनके पास धनबल है, हमारे पास जनबल है। वे अपने परिवार को बचाने में जुटे हैं, जबकि हम देश की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं।”

मोदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश के पंचायत चुनावों में व्यापक स्तर पर हिंसा में लिप्त रही पार्टी अब देश के लोकतंत्र की रक्षा की बात कर रही है।


मोदी ने किसी का नाम लिए बगैर कहा, “अगर उनके खिलाफ कोई पंचायत चुनाव में भी नामांकन दाखित करता है तो वे हिंसा और हत्या में लिप्त रहते हैं। आज वे लोकतंत्र की रक्षा की बात कर रहे हैं। विडंबना है कि जिन दलों के भीतर खुद लोकतंत्र नहीं है, वे अब लोगों को देश में लोकतंत्र के बारे में बताने के लिए गठबंधन बना रहे हैं।”

उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व नेता शरद यादव द्वारा रैली में गलती से बोफोर्स बोलने पर भी तंज कसा।

उन्होंने कहा, “कोलकाता में विपक्षी दल देश और लोकतंत्र की रक्षा की बात कर रहे थे। एक नेता ने हमें उसी मंच से बोफोर्स घोटाले की याद दिलाई।”

राफेल विमान सौदे को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोलते समय यादव रैली में भूल से राफेल की जगह बोफोर्स शब्द बोल गए थे।

कोलकाता में शनिवार को आयोजित महारैली में कांग्रेस समेत 23 विपक्षी दल एक मंच पर जुटे थे। रैली का आयोजन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने किया था।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)