महाराष्ट्र चुनाव : राहुल गांधी करेंगे 3 रैलियां

  • Follow Newsd Hindi On  

मुंबई, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)| कांग्रेस नेता राहुल गांधी महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को तीन रैलियों को संबोधित कर पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी शुक्रवार को दी। राहुल रविवार को दोपहर बाद असुआ (लातूर) में कांग्रेस उम्मीदवार बसावरन एम. पाटिल के लिए होने वाली रैली को संबोधित करेंगे, उसके बाद मुंबई के चांदीवली में पार्टी उम्मीदवार नसीम खान और धारावी में वर्षा गायकवाड़ के लिए होने वाली रैली में अपनी बात रखेंगे।

खान के मुताबिक, राहुल अपने संबोधन में पंजाब एंड महाराष्ट्र कोऑपरेटिव बैंक घोटाले का जिक्र कर इसको लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी-शिवसेना को बेनकाब करेंगे। इस घोटाले ने त्योहारों के मौसम से पहले लाखों जमाकर्ताओं को बुरी तरह आहत किया है।


वह मुंबई मेट्रो रेल कार शेड बनाने के लिए आरे कॉलोनी में 40 घंटों के अंदर 2,100 पेड़ काट दिए जाने का मुद्दा भी उठाएंगे। हजारों पेड़ों की कटाई से लोगों में आक्रोश है।

राहुल युवाओं के बीच बेरोजगारी की समस्या, किसानों से वादा, महंगाई और विकास की होड़ में मुंबई को वित्तीय केंद्र के रूप में मिली प्रतिष्ठा में गिरावट जैसे बड़े मुद्दे उठाएंगे।

288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा के लिए मतदान 21 अक्टूबर को होगा और परिणाम 24 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)