महाराष्ट्र में जिसके पास बहुमत होगा, वह सरकार बनाएगा : संजय राउत

  • Follow Newsd Hindi On  

मुंबई, 4 नवंबर (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देते हुए शिवसेना ने सोमवार को यहां कहा कि जिसके पास राज्य में बहुमत है, वह सरकार बना सकते हैं। शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा, “हमें सरकार बनाने में कोई बाधा नहीं है। जिसके पास बहुमत है वह राज्य में सरकार बना सकता है।”

राउत राज्य मंत्री रामदास कदम के साथ महाराष्ट्र के राज्यपाल बी. एस. कोशियारी से राजभवन में शिष्टाचार भेंट करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।


शिवसेना नेताओं ने यह भी कहा कि उन्होंने विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद सरकार बनाने में राउत के साथ 175 विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की।

राउत ने कोशियारी को शिवसेना संस्थापक एवं संरक्षक दिवंगत बाल ठाकरे की एक पुस्तक और वर्तमान पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे की दो पुस्तकें भी भेंट कीं।

विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए 10 दिन बीत चुके हैं। भाजपा और शिवसेना गठबंधन के बीच राज्य में सरकार बनाने को लेकर सहमति नहीं हो पाई है।


इससे पहले सोमवार को निवर्तमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार जल्द ही बनेगी, लेकिन फडनवीस ने दोनों पार्टियों के बीच मतभेदों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

इसके अलावा कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार महाराष्ट्र में राजनीतिक विद्रोह और नई सरकार बनाने के विकल्पों पर चर्चा करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में बैठक कर रहे हैं।

राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कहा कि शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में सत्ता संभालेगी और भाजपा द्वारा शिवसेना विधायकों को अपने पाले में करने जैसे किसी भी प्रयास को विपक्षी दलों द्वारा विफल कर दिया जाएगा।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)