महात्मा बुद्ध के विचार आज भी प्रासंगिक : कोविंद (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

 राजगीर (बिहार), 25 अक्टूबर (आईएएनएस)| राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने यहां शुक्रवार को कहा कि हमारे लोकतंत्र पर बौद्ध के आदर्शो का गहरा प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के उपदेश आज भी प्रासंगिक हैं।

 राजगीर की रत्नागिरी पहाड़ी के शिखर पर स्थित विश्व शांति स्तूप के 50वें वार्षिकोत्सव के उद्घाटन सत्र में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राष्ट्रपति कोविंद ने कहा, “हम समाज को बदलने वाले आध्यात्मिक क्रांतियों की एक पवित्र भूमि पर इकट्ठे हुए हैं।”


उन्होंने बोधगया, राजगीर, पाटलिपुत्र और नालंदा की चर्चा करते हुए कहा कि यह स्थान परिवर्तनों के लिए जाने जाते हैं।

कोविंद ने कहा, “भगवान बुद्ध का उपदेश आज भी प्रासंगिक है। बुद्ध द्वारा दिए गए उपदेश से ही पूरे विश्व में शांति की कामना की जा सकती है।”

विश्व शांति स्तूप को एकता, शांति और अहिंसा का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि विश्व शांति स्तूप की परिकल्पना बौद्ध धर्मगुरु फुजि गुरु जी ने की। उन्होंने कहा कि जापानी धर्मगुरु फुजि गुरु जी और महात्मा गांधी दो ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने पूरे विश्व को शांति की राह पर चलने की प्रेरणा दी।


उन्होंने कहा, “45 साल पहले 1974 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के आवास पर मुझे गुरु जी से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। संविधान बनाने वाले भीम राव अंबेडकर ने भी बुद्ध के विचारों को समझा था।”

उन्होंने एशिया, यूरोप, अमेरिका, जापान, इंग्लैंड, नेपाल और श्रीलंका से इस कार्यक्रम में पहुंचे बौद्ध धर्मावलंबियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा, “हमारे लोकतंत्र पर बौद्ध धर्म के आदर्शो और प्रतीकों का गहरा प्रभाव पड़ा है। प्राचीन काल में बुद्ध के संदेश और अनुयायी एशिया के अधिकांश हिस्सों में फैले थे।”

इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “हम लोग निरंतर प्रयास करते रहेंगे कि विश्व शांति स्तूप का कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष इसी प्रकार आयोजित होता रहे और दुनियाभर के लोग यहां आकर शांति का भाव लेकर जाएं।” उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया के विवादों के समाधान का केंद्र राजगीर बने, ऐसा उनका प्रयास है।

इस समारोह में 13 देशों के करीब 300 विदेशी मेहमानों ने शिरकत की।

इससे पहले राष्ट्रपति कोविंद पटना हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई लोगों ने उनका स्वागत किया।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)