मंदसौर में ननद से विवाद होने पर महिला ने 4 बच्चों के साथ खुदकुशी की

  • Follow Newsd Hindi On  

 मंदसौर, 17 जुलाई (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में ननद से विवाद होने पर एक महिला ने अपने चार बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।

  पुलिस ने पांचों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं। भानपुरा थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी ओ पी तंतवार ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि, बंजारा बस्ती में रहने वाली बतुलबाई पिछले दिनों अपने मायके कुआंताल गई थी। जब वह लौटकर आई तो उसका अपनी ननद जमुना बाई से विवाद हुआ। यह विवाद मंगलवार को दिन में और रात को भी हुआ। इसके बाद देर रात को बतुलबाई अपने चार बच्चों के साथ कुएं में कूद गई।


तंतवार के अनुसार, जमुना बाई जब सुबह कुएं पर गई तो उसने एक बच्चे के शव को तैरते हुए देखा, तब बतुलबाई द्वारा बच्चों के साथ खुदकुशी करने की बात सामने आई। पुलिस ने पांचों के शव बरामद कर लिए है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि, बंजारा बस्ती के पुरुष दूसरे राज्यों में कंबल बेचने जाते हैं, वर्तमान में बस्ती में सिर्फ महिलाएं हैं। महिलाओं ने ही बतुलबाई और जमुना के बीच विवाद होने की जानकारी दी है।


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)