मणिपुर में चुनाव लड़ेगी केंद्रीय मंत्री आठवले की पार्टी, एनडीए की है सहयोगी

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 18 फरवरी(आईएएनएस)। मोदी सरकार में मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया(आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले मणिपुर विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी को उतारने की तैयारी में हैं। उन्होंने हालिया मणिपुर दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान वह भाजपा से सीटों की भी मांग करेंगे।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि, मणिपुर के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार प्रतिबद्ध है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया भी मणिपुर के विकास के लिए लगातार आवाज उठाती रही है।


केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मणिपुर दौरे के दौरान इंफाल स्थित राजभवन में राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला से भी भेंट की। आठवले से भाजपा के मणिपुर के प्रदेश अध्यक्ष तिकेंद्र की भेंट के भी मायने तलाशे जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अगले साल वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का निर्देश दिया।

–आईएएनएस

एनएनएम/एएनएम


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)