झारखंड में फिर मॉब लिंचिंग, हजारीबाग में नाम पूछकर हुई युवक की पिटाई, 4 गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंड में फिर मॉब लिंचिंग, हजारीबाग में नाम पूछकर हुई युवक की पिटाई, 4 गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पालघर में उग्र भीड़ द्वारा तीन साधुओं की पीट-पीटकर हत्या कर देने की खबर सुर्खियों में है। इस बीच झारखंड में भी मॉब लिंचिंग का एक मामला सामने आया है। झारखंड के हजारीबाग जिले के गिद्दी में बीती रात कुछ असामाजिक तत्वों ने राजू अंसारी नामक एक युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार रात 8:00 बजे राजू अपने ससुराल से वापस घर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे रोककर उसका नाम पूछा। मुस्लिम नाम होने के चलते लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित युवक पतरातु जयनगर रामगढ़ का रहने वाला है। फ़िलहाल उसका इलाज रांची के रिम्स अस्पताल में चल रहा है।

कहा जा रहा है कि इस दौरान मौके पर जमा लोगों ने लाठी-डंडे से राजू अंसारी की पिटाई की और उसके कपड़े उतरवा कर पूरा मोहल्ले में घुमाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी घूम रहा है। कुछ लोगों ने ट्विट्टर पर इसकी शिकायत सीएम हेमंत सोरेन से की तो उन्होंने झारखंड पुलिस को टैग कर मामले की तुरंत जांच करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



वहीं, रामगढ़ पुलिस ने कहा कि पीड़ित युवक को रात के 1:30 बजे रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रामगढ़ के एसपी ने पीड़ित युवक और उसके परिवार से बात की है और वो ठीक है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

एपीसीआर (एसोसिएशन फॉर प्रोटक्शन आफ सिविल राइट्स झारखंड चैप्टर) ने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।


झारखंड में नक्सलियों ने एक व्यक्ति की हत्या की

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)