मप्र : भाजपा नेताओं ने घंटे, मंजीरे बजाकर गिरफ्तारी दी

  • Follow Newsd Hindi On  

भोपाल, 11 सितंबर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार के खिलाफ बुधवार को भाजपा ने प्रदेशव्यापी घंटानाद आंदोलन किया। कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा तो बड़े नेताओं ने सड़क पर उतर कर गिरफ्तारी भी दी। सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा नेताओं का यह पहला बड़ा विरोध प्रदर्शन था।

भाजपा ने कांग्रेस की कमलनाथ सरकार पर अराजकता, वादाखिलाफी और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कहा, “किसान कर्जमाफी के लिए भटक रहे हैं, युवा बेरोजगारी भत्ते की राह देख रहा है, भारी वर्षा से नष्ट हुई फसलों की कोई सुध लेने वाला नहीं है, बिजली कटौती भारी पैमाने पर की जा रही है, और कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी गई हैं।”


भाजपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश लूट, डकैती, हत्या और दुष्कर्म जैसी विभीषिका में उलझ गया है, लेकिन सरकार सिर्फ भ्रष्टाचार और तबादलों में व्यस्त है।

भाजपा ने घंटानाद आंदोलन के लिए जिला स्तर पर बड़े नेताओं को नेतृत्व करने की जिम्मेदारी सौंपी थी।

भोपाल में प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, विदिशा में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, जबलपुर में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, सागर में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, इंदौर में सुमित्रा महाजन, नंदकुमार सिंह चौहान, उज्जैन में विक्रम वर्मा, ग्वालियर में भूपेन्द्र सिंह, छतरपुर में सांसद वी. डी. शर्मा सहित सभी जिलों में वरिष्ठ नेताओं ने आंदोलन की कमान संभाली। सभी स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता घंटे, मजीरे, शंख आदि लेकर सड़कों पर उतरे। उन्होंने अपने आंदोलन के नाम के मुताबिक, इन वाद्य यंत्रों को बजाया।


कई स्थानों पर पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा। साथ ही भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किया गया और बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा, “प्रदेश की कमलनाथ सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा है। यह सरकार विरोध में उठने वाली हर आवाज को दबाना चाहती है। लेकिन हम न दबाव में आएंगे और न रुकेंगे। विरोध का हमारा सिलसिला जारी रहेगा। मध्यप्रदेश सरकार कुंभकर्णी नींद में सो रही है। उसकी नींद को तोड़ने के लिए, मध्यप्रदेश की जनता को न्याय दिलाने के लिए भाजपा ने घंटानाद आंदोलन किया।”

राजधानी में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय के सामने घंटानाद कर लगभग सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी।

भाजपा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, विदिशा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने घंटानाद किया। जबलपुर में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव के नेतृत्व में घंटानाद आंदोलन किया गया, और कलेक्टरेट का घेराव कर गिरफ्तारी दी गई। सागर में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने घंटानाद कर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया।

छतरपुर में प्रदेश महामंत्री व सांसद विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में घंटानाद आंदोलन जिला मुख्यालय से प्रारंभ होकर कलेक्टर कार्यालय पर संपन्न हुआ। इसी तरह राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)