मप्र चुनाव : पूर्व महिला आईएएस अफसर शिवराज पर कर रहीं गीत-प्रहार

  • Follow Newsd Hindi On  

भोपाल, 22 नवंबर (आईएएनएस)| मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी दल कांग्रेस एक-दूसरे पर तरह-तरह से हमले बोले रहे हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की पूर्व महिला अधिकारी डॉ. शशि कर्णावत कांग्रेस के लिए अपने ही अंदाज में प्रचार कर रही हैं। वह लोकगीतों के जरिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमले बोल रही हैं। डॉ. शशि पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे और शिवराज सरकार ने उन्हें बर्खास्त कर दिया था। आरएसएस से करीबी नाता रखने वाले परिवार की सदस्य डॉ. शशि के तेवर बगावती हो गए, उनका शिवराज सरकार से टकराव चला। बर्खास्त होने के बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा, कांग्रेस ने उन्हें महासचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी है।

डॉ. शशि ने बुंदेलखंडी बोली में लोकगीत तैयार किए हैं और उनके जरिए वे मुख्यमंत्री चौहान पर सीधे हमले बोल रही हैं। उनका कहना है कि वह बुंदेलखंड की बेटी हैं और इसीलिए अपनी ही बोली में लोकगीत तैयार किए हैं।


उन्होंने कहा, “प्रदेश में बीते 15 साल से मामा का राज चल रहा है, शिवराज सिंह चौहान नाम के मामा हैं, वे तो कलयुग के कंस हैं, कंस ने इस धरती पर दूसरा अवतार लिया है। ये ऐसे नेता हैं जिनके राज में किसानों को गोली मारी जाती है, आत्महत्या को विवश किया जाता है, कपड़े उतरवाकर किसानों को थाने में बंद रखा जाता है।”

बुंदेलखंड़ी बोली में रचे गए गीतों में किसानों की बदहाली, नर्मदा में जारी अवैध खनन, डंपर को लेकर शिवराज पर हमले बोले गए हैं। डॉ. शशि कर्णावत महिलाओं पर अत्याचार के बढ़े मामलों को लेकर भी सरकार पर हमले बोल रही हैं।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)