मप्र में सभी 28 सीटों का रुझान, भाजपा को भारी बढ़त (लीड-3)

  • Follow Newsd Hindi On  

भोपाल, 10 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना का दौर जारी है। सभी विधानसभा क्षेत्रों के रुझान भी सामने आ गए हैं। भाजपा भारी बढ़त बनाए हुए है और 17 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं कांग्रेस को 9 स्थानों पर बढ़त है तो बसपा दो सीटों पर आगे चल रही है।

भारत निर्वाचन आयोग की साइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सभी 28 सीटों में डाक मतपत्र के बाद ईवीएम से गिनती जारी है। कई स्थानों पर दो से ज्यादा राउंड की गिनती हो चुकी है। अब जो तस्वीर उभर रही है उसके मुताबिक भाजपा को बड़ी बढ़त है। भाजपा 17, कांग्रेस 9 और बसपा 2 सीटों पर आगे चल रही है। शिवराज सिंह चौहान सरकार के तीन मंत्री मंत्री ओ.पी.एस भदौरिया, एदल सिंह कंसाना और गिर्राज दंडौतिया पीछे चल रहे हैं।


भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का कहना है कि राज्य के कार्यकर्ता ने यह चुनाव लड़ा है, उनका परिश्रम रहा है। बड़े नेताओं ने मेहनत करने में कसर नहीं छोड़ी।

भाजपा भले ही बढ़त लिए हुए हो मगर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का कहना है कि कांग्रेस को जीत मिलेगी।

मतगणना का सिलसिला डाकमत पत्रों की गिनती के साथ हुआ, साढ़े आठ बजे से ईवीएम की गिनती शुरु हुई।


राज्य में कुल 355 उम्मीदवार मैदान में है। इस बार भाजपा और कांग्रेस के अलावा बसपा ने सभी 28 विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार मैदान में उतारे। उसके अलावा सपा ने भी 14 क्षेत्रों के लिए उम्मीदवार तय किए थे।

–आईएएनएस

एसएनपी-एसकेपी

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)