मप्र : शिवपुरी में महिला मोर्चा पदाधिकारी भाजपा से निष्कासित

  • Follow Newsd Hindi On  

शिवपुरी, 2 दिसंबर (आईएएनएस)| मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में भाजपा की एक महिला मोर्चा पदाधिकारी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित किए जाने का मामला एकाएक सुर्खियों में आ गया है। महिला पदाधिकारी के निष्कासन ने जिले में नई बहस को जन्म दे दिया है। भाजपा महिला मोर्चा शिवपुरी की जिलाध्यक्ष बीनू शर्मा ने रविवार को बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण महिला मोर्चा की जिला महामंत्री प्रतिभा जैन को निष्कासित किया गया है। निष्कासन को लेकर जिलाध्यक्ष बीनू शर्मा ने बताया कि भोपाल से महिला मोर्चा की वरिष्ठ नेताओं से मिले निर्देशों के बाद यह कार्रवाई की गई है।

संवाददाताओं ने जब जिलाध्यक्ष से निष्कासन की मूल वजह जानना चाहा तो उनका कहना था, “मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं बता सकती। ऊपर से जो निर्देश आए, उसके आधार पर प्रतिभा जैन को पद से हटाया गया है।”


वहीं महिला मोर्चा की जिला महामंत्री प्रतिभा जैन कहा कि उन्हें निष्कासन की कोई जानकारी नहीं है। पार्टी की तरफ से न तो उन्हें ऐसा कोई पत्र मिला है और न ही कोई सूचना है। उन्होंने कहा कि वह तो अभी भी पार्टी की महिला मोर्चा की महामंत्री हैं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि ग्वालियर-चंबल संभाग में एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसकी आंच भाजपा से जुड़े नेताओं पर आ रही है और उससे घबराकर भाजपा ने एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया है।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)