मप्र : उमरिया में 104 साल की बानो बी ने किया मतदान

  • Follow Newsd Hindi On  

 उमरिया, 29 अप्रैल (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश के उमरिया में 104 साल की बानो बी ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान किया। वह अपने नाती और नातिन बहू के कंधों का सहारा लेकर मतदान केंद्र तक पहुंचीं।

 उमरिया के शासकीय सज्जन उत्कृष्ट विद्यालय में स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 136 में कैंप निवासी 104 वर्षीय बानो बी अपने नाती सद्दाम खान और बहू नजमा बेगम के कंधों का सहारा लेते हुए पहुंचीं। अस्वथता के कारण वह बोल तो नही पा रही थीं, लेकिन उनकी नातिन बहू तथा नाती ने बताया, “लोकतंत्र के प्रति उनकी गहरी आस्था है। वह स्वयं तो मतदान करती ही हैं, घर के हर सदस्य को भी मतदान करने अवश्य भेजती हैं। यदि घर के किसी सदस्य ने मतदान करने में देरी की तो वह नाराज हो जाती हैं। इसलिए पूरा परिवार मतदान के दिन सबसे पहले मतदान करता है, और उसके बाद ही घर के दूसरे काक करता है।”


उमरिया कैंप निवासी 91 वर्षीय अब्दुल सलीम अंसारी भी मतदान के लिए मतदान केंद्र पहुंचे। उमरिया की ही 99 वर्षीय चिड्डी बाई ने मतदान केंद्र क्रमांक 134 में मतदान किया।

इसी तरह 85 वर्षीय चित्रा स्वामी ने भी यहां मतदान किया। उन्होंने बताया कि वह शिक्षिका पद से सेवानिवृत्त हो चुकी हैं। शासकीय सेवा में आने के बाद वह 1960 में उमरिया आई थीं, तब से ऐसा कोई भी निर्वाचन नहीं हुआ है, जिसमें उन्होंने मतदान नहीं किया हो। वह स्वयं तो मतदान करती हैं, साथ ही परिवार तथा आस-पड़ोस के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करती हैं।


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)