Mulayam Singh Yadav Birthday: वो पहलवान जो आगे चल कर उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना

  • Follow Newsd Hindi On  
Mulayam Singh Yadav Birthday: वो पहलवान जो आगे चल कर उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना

मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) का जन्म 22 नवम्बर 1939 को इटावा जिले के सैफई गाँव में मूर्ती देवी व सुघर सिंह के किसान परिवार में हुआ था। मुलायम सिंह अपने पाँच भाई-बहनों में रतनसिंह से छोटे व अभयराम सिंह, शिवपाल सिंह यादव, रामगोपाल सिंह यादव और कमला देवी से बड़े हैं।

मुलायम सिंह जवानी के दिनों में पहलवानी का शौक़ रखते थे। राजनीतिक में आने से पहले मुलायम सिंह शिक्षक हुआ करते थे। मुलायम सिंह समाजवादी राजनेता राम मनोहर लोहिया के विचारों से बेहद प्रभावित थे। मुलायम सिंह ने उत्तर प्रदेश में 1967 में सोशलिस्ट पार्टी के टिकट पर सबसे कम उम्र में विधायक बनकर जोरदार तरीके से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।


मुलायम सिंह ने वर्ष 1992 में जनता दल से अलग होकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi  Party) के रूप में एक अलग पार्टी का गठन किया। मुलायम सिंह का यह कदम उनके जीवन में फायदेमंद साबित हुआ। साल 2012 का विधानसभा चुनाव जीतने से पहले वो तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे चुके थे।

राजनीतिक इतिहास में मुलायम सिंह को याद किए जाने का एक कारण कार सेवकों गोली चलवाना भी है। वर्ष 1989 में मुलायम सिंह पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे थे। केंद्र में वी पी सिंह की सरकार गिरने के बाद के बाद मुलायम ने चंद्रशेखर की जनता दल (समाजवादी) के समर्थन से अपनी मुख्यमंत्री की कुर्सी बरकरार रखी थी।

इसी दौरान जब अयोध्या का मंदिर आंदोलन अपने चरम पर था तो कार सेवकों पर साल 1990 में उन्होंने गोली चलाने का आदेश दिया था। इस घटना में लगभग एक दर्जन से ज्यादा लोग मारे गए थे। इस मामले पर बाद में मुलायम ने कहा था कि, ये फैसला कठिन था। आगे चल कर इस फैसले का उन्हें राजनीतिक लाभ हुआ था और उनकी मुस्लिम परस्त छवि बनी थी। उस वक्त उनके विरोधी उन्हें ‘मुल्ला मुलायम’ तक कह कर संबोधित करने लगे थे।


साल 2012 में उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 403 में से 226 सीटें जीती थीं। इस जीत के बाद ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि मुलायम सिंह चौथी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की कमान संभालेंगे, लेकिन उन्होंने अपने बेटे अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंप दी थी।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)