मुंबई: प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के लिए डॉक्टर गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  
'गोडसे देशभक्त...' बयान के लिए प्रज्ञा पर बीजेपी नहीं करेगी कोई कार्रवाई, जल्द मिलेगी क्लीन चिट

ममता बनर्जी का विवादित मीम पोस्ट करने के लिए बीजेपी नेता की गिरफ्तारी का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि मुंबई के एक डॉक्टर को प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ फेसबुक पोस्ट डालने के लिए गिरफ्तार कर लिया गया है। भोपाल से बीजेपी उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले डॉक्टर को मुंबई की पार्क साइट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी डॉक्टर का नाम सुनील कुमार निषाद बताया जा रहा है। मुंबई पुलिस ने कुछ स्थानीय लोगों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए धारा 295A के तहत मामला दर्जकर डॉक्टर सुनील को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर सुनील कुमार निषाद के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ता रविंद्र तिवारी ने विक्रोली पार्कसाइट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। निषाद के खिलाफ आरोप लगाया गया है कि उसने फेसबुक पर रामायण, ब्राह्मणों और साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर आपत्तिजनक पोस्ट किए थे।तिवारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने निषाद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295A के तहत मामला दर्ज किया था।


आपको बता दें कि मामला दर्ज होने के बाद से निषाद फरार चल रहा था। इस बीच मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत आवेदन दायर करने के लिए निषाद कोर्ट में पहुंचा था। आवेदन दायर करने के बाद वह अपने वकील के साथ कोर्ट के बाहर आया और टैक्सी से कहीं जाने के लिए निकला। इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने निषाद को हिरासत में ले लिया।

गौरतलब है कि पिछले दिनों कुछ इसी तरह का मामला सामने आगा था। बंगाल बीजेपी की युवा मोर्चा नेता प्रियंका शर्मा को ममता बनर्जी की आपत्तिजनक मीम डालने के लिए कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बाद में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार को प्रियंका शर्मा को जमानत मिली।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)