लॉकडाउन: मुंबई में 2.5 लाख का प्याज खरीदा, 77 हजार किराया देकर पहुंचा प्रयागराज, फिर भी पकड़ा गया शख्स

  • Follow Newsd Hindi On  
लॉकडाउन: मुंबई में 2.5 लाख का प्याज खरीदा, 77 हजार किराया देकर पहुंचा प्रयागराज, फिर भी पकड़ा गया शख्स

कोरोना वायरस के खतरे को कम करने के लिए लागू किए गए देशव्यापी लॉकडाउन से लोग ऊब गए हैं। देश के दूसरे राज्यों में फंसे लोग अपने गृहराज्य तक पहुँचने के लिए तमाम तरह की तरकीबें अपना रहे हैं। राज्यों के बॉर्डर सील हैं ताकि दूसरे राज्य के लोग घुस ना सकें। सिर्फ आवश्यक सेवाओं के ट्रांसपोर्ट को छूट दी गई है। इसी छूट का फायदा उठाकर एक शख्स ने मुंबई से प्रयागराज (इलाहाबाद) पहुँचने की कोशिश की। लेकिन अंततः पकड़ा गया और फ़िलहाल क्वारंटीन में है।

दरअसल, प्रेम मूर्ति पांडे नाम के एक शख्स ने मुंबई से इलाहाबाद में अपने पैतृक गांव कोटवा मुबारकपुर पहुंचने के लिए करीब ढाई लाख रुपये में 25 टन प्याज खरीदा और 77,500 रुपये भाड़ा चुकाकर एक ट्रक किराये पर लिया। इतनी लंबी और महंगी यात्रा के बाद पांडे जब 23 अप्रैल को प्रयागराज पहुंचा तो उसे पुलिस की पूछताछ और डॉक्टरों की जांच से गुजरना पड़ा। वह होम क्वारंटीन में है और उसकी टेस्ट रिपोर्ट अभी नहीं आई है।


पांडे ने बताया, ‘मैंने मुंबई में किसी तरह 21 दिन तो गुजार लिया, लेकिन लॉकडाउन खुलने के कोई आसार नहीं दिख रहे थे। अंधेरी ईस्ट के आजाद नगर में जहां मेरा घर है, वहां बहुत घनी बस्ती है और कोरोना फैलने का खतरा भी वहां अधिक है। बस, ट्रेन और विमान सेवाएं बंद हैं। इसके बाद मैंने अपने पैतृक घर पहुंचने का रास्ता खोजा।’

घर पहुंचने के लिए तरह-तरह की जुगत लगा रहे लोग

गौरतलब है कि लॉकडाउन में फंसे लोग अपने घर पहुंचने के लिए तरह-तरह की जुगत लगा रहे हैं। कल भी प्रयागराज से इसी तरह की एक खबर आई थी कि कुछ लोग फरीदाबाद से दो कारें बुक करके पहुंचे थे। उन्होंने फरीदाबाद से दोनों कारों को पचास हजार में बुक किया था। इन दोनों कारों में 16 लोग आए थे।

इसके अलावा हरियाणा में फंसे उत्तर प्रदेश के कुछ मजदूर यमुना नदी के रास्ते अपने घर पहुंचे थे। हरियाणा के पानीपत में फंसे यूपी के 12 मजदूरों ने हरियाणा-यूपी बॉर्डर पर बहने वाली यमुना नदी में तैरकर शामली पहुंच गए। हालांकि, इनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया और लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने इन सभी लोगों को पकड़कर क्वारंटीन में रख दिया है।



यूपी में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 1793 हुई

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)