मुंबई: बांद्रा में उड़ी लॉकडाउन की धज्जियां, घर जाने के लिए जुटे हजारों प्रवासी मजदूर, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

  • Follow Newsd Hindi On  
मुंबई: बांद्रा में उड़ी लॉकडाउन की धज्जियां, घर जाने के लिए जुटे हजारों प्रवासी मजदूर, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

देश में कोरोना संकट के बीच लॉकडाउन (Coronavirus Lockdown) को तीन मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। पीएम मोदी (PM Modi) ने आज राष्ट्र के नाम संबोधन में इसकी घोषणा की। लेकिन लॉकडाउन के बीच मुंबई के बांद्रा (Bandra) में प्रवासी मजदूरों की भारी भीड़ जमा हो गई है और वे घर वापस भेजे जाने की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन खत्म होने और अपने घर लौटने की उम्मीद में ये लोग जमा हो गए थे। इस बीच वहां बढ़ती भीड़ के कारण भगदड़ मच गई और इसे नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

इन लोगों की शिकायत है कि उनके पास खाने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए उन्हें उनके गांव तक भेजा जाए। वे घर जाने की इजाजत मांग रहे हैं। बांद्रा वेस्ट के स्टेशन के सामने जामा मस्जिद के पास लोग खड़े हो गए हैं। इसमें ज्यादातर यूपी और बिहार के प्रवासी मजदूर हैं। हालांकि, बाद में स्थानीय नेताओं और पुलिस हस्तक्षेप के बाद वे वहां से चले गए।


 

महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि खाने-पीने का इंतजाम किया गया है। सरकार लोगों को खाना दे रही है लेकिन ये लोग वापस अपने घर भेजे जाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जिम्मेदारी से नहीं भाग रही है। हम लोगों को समझाएंगे। उन्होंने कहा कि मुंबई में 20-40 लाख मजदूर काम करते हैं। उनके पास अलग-अलग जगह से तरह-तरह के बरगलाने वाले मैसेज आते है लेकिन हम उन्हें कहीं जाने नहीं देंगे। इससे पहले भी हमने किसी को भी जाने की इजाजत नहीं दी थी।

बता दें कि बांद्रा को हॉटस्पॉट घोषित किया जा चुका है। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में यहां लोगों का जुटना चिंताजनक है। पूरे देश में महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के सबसे अधिक 2337 मामले हैं। अकेले मुंबई में ये आंकड़ा 1500 से अधिक है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)