मुंबई में पेड़ों की कटाई के विरोध में प्रदर्शन के बाद निषेधाज्ञा लागू

  • Follow Newsd Hindi On  

मुंबई, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)| मुंबई मेट्रो-3 के लिए कार-शेड बनाने के लिए रास्ता साफ करने को लेकर आरे कॉलोनी में पेड़ों को काटने का विरोध किए जाने के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने शनिवार को निषेधाज्ञा लागू कर दी और 75 से अधिक पर्यावरण कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में शिवसेना की नेता प्रियंका चतुर्वेदी भी शामिल हैं। जबकि आदित्य ठाकरे ने शुक्रवार देर रात से हो रही पेड़ों की कटाई की निंदा की।

आदित्य ठाकरे ने ट्वीट किया, “मेट्रो-3, एक परियोजना जिसे गर्व के साथ पूरा किया जाना चाहिए, इसे रात में शर्म, छल और भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ करना पड़ता है।”


महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने शिवसेना पर निशाना साधते हुए मराठी में ट्वीट किया, “यह शिवसेना का समय है। आप सरकार में हैं, आप इसे रोक सकते हैं। महायुति (महागठबंधन) अधिक महत्वपूर्ण है या पेड़ों की बड़ी हानि?”

मुंबई पुलिस ने उत्तर-पश्चिम मुंबई के मरोल-मरोसी, पवई और गोरेगांव उपनगरों में आरे कॉलोनी में प्रवेश के रास्ते बंद कर दिए हैं।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव रूबेन मस्करनहास ने कहा कि उन्हें और कई लोगों को हिरासत में लिया गया और बाद में रिहा कर दिया गया। लेकिन कई जनजातीय महिलाओं को अभी भी अलग-अलग पुलिस स्टेशनों पर हिरासत में रखा गया है।


कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा 2,646 पेड़ों की कटाई को चुनौती देने वाली सभी याचिकाओं को खारिज करने के बाद पिछले 12 घंटों में 400 से अधिक पेड़ काट दिए गए हैं।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)