भारत में कैंसर, इसके लक्षणों और उपचार के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए हर साल राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस 7 नवंबर को मनाया जाता है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने पहली बार राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस की घोषणा सितंबर 2014 में की थी। इसे पहली बार वर्ष 2014 में मनाया गया था। इसकी जागरूकता का उद्देश्य कैंसर के शुरुआती चरणों में ही इसका पता लगाने और उसका समय पर उपचार करने पर केंद्रित है।
WHO के अनुसार साल 2018 में कैंसर ने दुनिया में लगभग 96 लाख लोगों की जान ली थी और इस आंकड़े में भारत का हिस्सा लगभग 8.17% था। बता दें कि कैंसर सौ से अधिक प्रकार के होते हैं। जब शरीर में कोशिकाओं की असामान्य वृद्धि होती है तो इससे कैंसर होता है और अन्य ऊतकों पर भी आक्रमण करता है।
यह शरीर के लगभग किसी भी हिस्से को प्रभावित कर सकता है। शुरुआत में ही कैंसर को डायग्नोस कर लिया जाए तो बेहतर होगा। जानकारों के अनुसार अगर हम हमारे शरीर में होने वाले छोटे-छोटे बदलाव पर ध्यान देंगे तो कैंसर को लक्षणों को पहचान सकेंगे।
सोते वक्त पसीना निकलना
गर्मियों में पसीना निकलना आम बात है और अच्छी बात है लेकिन यदि रात में सोते वक्त पसीना ज्यादा आता है, तो यह किसी दवा के शरीर में रिएक्शन या शरीर के अंदर किसी इंफेक्शन का संकेत हो सकता है। यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी हुई है और पसीना ज्यादा निकल रहा है तो चिकित्सक से जरूर सलाह लें।
बदन में दर्द
लगातार पीठ में दर्द हो रहा हो, तो यह कोलोरेक्टल या प्रोस्टेट कैंसर का कारण हो सकता है। इसमें कमर के आस-पास की मांसपेशियों में भी दर्द होता है। बिना कारण के थकान महसूस हो रही है, तो यह भी कैंसर का शुरुआती लक्षण हो सकता है। डॉक्टर रे राय लें।
वजन का घटना
कई लोग बढ़ते वजन से परेशान रहते हैं और इसे घटाने के पीछे परेशान रहते हैं। लेकिन बेवजह वजन घटना अच्छे संकेत नहीं है। यह कैंसर का शुरूआती लक्षण हो सकता है। भूख कम लगना, ज्यादा खाना न खा पाना भी इसके लक्षण है। यदि बिना किसी कोशिश के शरीर का वजन चार-पांच किलो से ज्यादा कम हो जाए, तो इसे कैंसर के प्राथमिक लक्षण हो सकता है।
आंतों को न करें नजरअंदाज
हम पेट की समस्या को कई बार सामान्य मान लेते हैं। यह जरूरी नहीं कि पेट में गैस या पेट में दर्द की समस्या सामान्य कारणों से हो। आंतों में सामान्य समस्या होना बड़ी बात नहीं, लेकिन अगर लगातार आंतों में समस्या है तो यह कोलेन या कोलोरेक्टल कैंसर का शुरुआती लक्षण हो सकता है। डायरिया और अपच की समस्या इसका लक्षण हैं। डॉक्टर से सलाह लें
सीने में जलन
आए दिन सीने में जलन होना बहुत बड़ी बात नहीं लगती। अपच भी आम समस्या हैं। लेकिन लगातार सीने में जलन और अपच की शिकायत हो तो ये लक्षण चिंता का कारण बन जाते हैं। ऐसे में आप डाक्टर से सलाह लें।