एडमिरल करमबीर सिंह बने नौसेना प्रमुख, पहले हेलीकॉप्टर पायलट जो इस पद पर पहुंचे

  • Follow Newsd Hindi On  
एडमिरल करमबीर सिंह बने नौसेना प्रमुख, पहले हेलीकॉप्टर पायलट जो इस पद पर पहुंचे

नई दिल्ली | एडमिरल करमबीर सिंह ने शुक्रवार को 24वें नौसेना प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने सुनील लांबा की जगह ली है।

नौसेना के प्रवक्ता ने ट्वीट किया, “एडमिरल करमबीर सिंह पीवीएसएम एवीएसएम एडीसी ने नौसेना स्टॉफ के 24वें प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया।” एडमिरल लांबा ने शुक्रवार को साउथ ब्लॉक में एक समारोह में एडमिरल सिंह को प्रभार सौंप दिया।



एडमिरल करमबीर सिंह ने शुक्रवार को एडमिरल सुनील लांबा से नौसेना प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। वह ऐसा करने वाले पहले हेलीकॉप्टर पायलट हैं। अपने लगभग 40 साल के करियर के दौरान वे मिसाइल कोरवेट आईएनएस विजयदुर्ग, गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर आईएनएस राणा और आईएनएस दिल्ली की कमान संभाल चुके हैं। वह नवंबर 2021 तक नौसेना प्रमुख रहेंगे।

करमबीर सिंह ने कहा- ताकतवर बनी रहेगी नौसेना

पद संभालने के बाद नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा, ‘मेरे पूर्ववर्तियों ने यह सुनिश्‍चित किया है कि नौसेना की नींव काफी मजबूत है और यह नई ऊंचाइयों को छू रही है।  मेरा प्रयास रहेगा कि मैं उनके प्रयासों को जारी रखूं और राष्ट्र को ऐसी नौसेना प्रदान करूं, जो मजबूत, विश्वसनीय और समुद्री क्षेत्र में सुरक्षा चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हो।’

इससे पहले अंडमान और निकोबार कमांड प्रमुख बिमल वर्मा ने करमबीर सिंह की नए प्रमुख के तौर पर नियुक्ति को चुनौती दी थी। वर्मा ने सबसे वरिष्ठ अधिकारी होने के बावजूद शीर्ष पद के लिए नजरअंदाज करने का मामला उठाया था। उनका मामला सशस्त्र बल अधिकरण (AFT) के समक्ष लंबित है, जबकि रक्षा मंत्रालय ने उनकी आपत्ति को खारिज कर दिया है। AFT ने हालांकि बुधवार को करमबीर सिंह को मामले में निर्णय आने तक पद संभालने को लेकर हरी झंडी दे दी।

लांबा की सेवानिवृति की वजह से रक्षा प्रतिष्ठान के शीर्ष पद पर बदलाव करना पड़ रहा है।

वाइस एडमिरल अतुल कुमार जैन को करमबीर सिंह के स्थान पर पूर्वी नौसेना की कमान सौंपी जाएगी।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)