नए भारत के विजन को दर्शाता है डिफेंस एक्सपो : राजनाथ

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ, 5 फरवरी (आईएएनएस)| रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कहा कि डिफेंस एक्सपो नए भारत के विजन को दर्शाता है। इस एक्सपो में इंडिया-अफ्रीका डिफेंस कॉन्क्लेव भी हो रहा है। राजनाथ बुधवार को वृंदावन योजना में आयोजित डिफेंस एक्सपो 2020 के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, “डिफेंस एक्सपो 2020 का लखनऊ में आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच का परिणाम है। यह पिछले डिफेंस एक्सपो से काफी बड़े स्तर पर हो रहा है। ऐसा आयोजन पहले कभी नहीं किया गया है। यह एक्सपो नए भारत के विजन को दर्शाता है।”


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “उत्तर प्रदेश में बनने वाला डिफेंस कॉरिडोर पूरी दुनिया में बेमिसाल होगा। आने वाले समय में भारत रक्षा विनिर्माण का हब बनेगा। अगले पांच वर्षो में इस क्षेत्र में और तेजी आएगी। रक्षा के क्षेत्र में दुनिया भर की कंपनियां भारत में आ रही हैं। क्योंकि भारत दुनिया का बड़ा बाजार है।”

सिंह ने कहा कि नए भारत के विकास के लिए ऐसे आयोजन सुनहरे भविष्य की ओर ले जाएंगे। हम अपनी स्वदेशी क्षमता बनाने के लिए पूरी तरह से सक्षम हैं। हम ‘मेक इन इंडिया’ के माध्यम से रक्षा उत्पादों को बनाने में आगे बढ़ रहे हैं।

रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाईक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डिफेंस एक्सपो में आए सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान एयरोस्पेश विनिर्माण हब पर केंद्रित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और ‘मेक इन इंडिया’ के लिए डिफेंस एक्सपो 2020 काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। यह सेना के पराक्रम को दिखाने का बड़ा अवसर है।”

उन्होंने कहा कि डिफेंस एक्सपो में निवेश के लिए 23 सहमति पत्रों (ओएमयू) पर हस्ताक्षर होने जा रहा है। इससे 50 हजार करोड़ के निवेश होने की संभावना है, जिससे 3 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा, “डिफेंस कॉरिडोर का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फरवरी में शिलान्यास किया था। इसमें 6 नोड्स बन रहे हैं। बेहतर कनेक्टिविटी और कानून व्यवस्था की स्थिति के कारण उत्तर प्रदेश निवेश का एक बेहतर गंतव्य बना है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमारे पास एक्सप्रेस-वे का बड़ा नेटवर्क है। यमुना और आगरा एक्सप्रेस-वे के बाद पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे और बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर कार्य चल रहा है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)