नेपाल शस्त्र बल के जवानों ने बिहार बॉर्डर के पास की ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 भारतीयों को लगी गोली, एक की मौत

  • Follow Newsd Hindi On  
नेपाल शस्त्र बल के जवानों ने बिहार बॉर्डर के पास की ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 भारतीयों को लगी गोली, एक की मौत

भारत-नेपाल सीमा विवाद (Indo-Nepal Border Dispute) के बीच बिहार के सीतामढ़ी से बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, जानकीनगर बॉर्डर पर नेपाल शस्त्र बल की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग (Nepal Police Firing) हुई है। इस फायरिंग में खेत पर काम कर रहे एक भारतीय शख्स की मौत हो गई, वहीं दो अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से सीमा पर तनाव की स्थिति कायम है।

रिपोर्ट के मुताबिक, फायरिंग की यह घटना नारायणपुर और लालबन्दी बॉर्डर इलाके में हुई है। पिपरा परसाइन पंचायत के जानकी नगर बॉर्डर पर कुछ लोग खेत में काम रहे थे। इसी दौरान नेपाल की शस्त्र बल ने इन लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चला दी, जिसमें जानकी नगर टोले लालबन्दी के निवासी नागेश्वर राय के 25 वर्षीय बेटे डिकेश कुमार की मौत हो गई।


इसके अलावा दो स्थानीय लोग घायल भी हुए हैं। इनमें उमेश राम नामक व्यक्ति को दाहिनी बांह में गोली लगी है। जबकि सहोरबा निवासी उदय ठाकुर के दाएं जांघ में गोली लगी है। दोनों घायलों को इलाज के लिए सीतामढ़ी रेफर कर दिया गया है। फिलहाल बॉर्डर दोनों देशों की पुलिस तैनात है। मौके पर जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी रवाना हो गए हैं।

भारत-नेपाल के बीच सीमा विवाद को लेकर घमासान

गौरतलब है कि नेपाल के नए नक्शे को लेकर भारत और पड़ोसी देश नेपाल के बीच घमासान जारी है। नेपाल ने अपने नए नक्शे में भारत के कई इलाकों को अपना हिस्सा बताया है। पड़ोसी देश का दावा है कि लिपुलेख, कालापानी और लिपिंयाधुरा उसके क्षेत्र में आते हैं। नेपाल ने अपना नया नक्शा भी जारी कर दिया जिसमें ये तीनों इलाके उसके अंतर्गत दिखाए गए हैं।

नेपाल के इस रवैये से भारत के साथ उसके रिश्‍तों पर गहरा असर पड़ रहा है। वहीं भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपनी संप्रभुता से समझौता नहीं करेगा। विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया था कि इस सीमा विवाद का हल बातचीत के माध्यम से निकालने के लिए आगे बढ़ना होगा।



नेपाल को तिब्बत की गलतियों को नहीं दोहराना चाहिए: योगी

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)