लंदन पुलिस ने PNB घोटाले के आरोपी नीरव मोदी को किया गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  
लंदन पुलिस ने PNB घोटाले के आरोपी नीरव मोदी को किया गिरफ्तार

पिछले 13 महीने से फरार चल रहा PNB घोटाले का मुख्य आरोपी नीरव मोदी लंदन में आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। मोदी को आज वेस्टमिंस्टर कोर्ट में पेश किया जाएगा। अदालत अब भारत में उसके प्रत्यर्पण को लेकर मामले की सुनवाई करेगी। इस बीच, सूत्रों का कहना है कि प्रवर्तन निदेशालय की ओर से नीरव मोदी की संपत्तियों को बेचा जा सकता है।

वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने भारत के प्रवर्तन निदेशालय की ओर से प्रत्यर्पण की अर्जी दाखिल करने के जवाब में यह अरेस्ट वॉरंट जारी किया था। इसके बाद से ही कहा जा रहा था कि नीरव मोदी को कभी भी अरेस्ट किया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि जांच एजेंसी को हाल में वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा वारंट जारी करने के बारे में सूचित किया गया था और नीरव मोदी को जल्द ही स्थानीय पुलिस (लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस) द्वारा गिरफ्तार करने की बात कही गई थी।


कानून के जानकारों के मुताबिक, नीरव मोदी को लंदन कोर्ट से आज ही जमानत भी मिल सकती है। इसके बाद आगे मामले को विजय माल्या के केस की तरह चलाया जाएगा। आपको बता दें कि भगोड़े कारोबारी विजय माल्या को भी लंदन में साल 2017 में गिरफ्तार किया गया था। हालाकिं कुछ ही देर में उन्हें जमानत भी मिल गई थी। इससे पहले उसी साल अप्रैल में भी माल्या की लंदन में गिरफ्तारी हुई थी और उस वक्त भी कुछ घंटों में उन्हें जमानत मिल गई थी।

CBI और ED की टीम जाएगी लंदन

नीरव मोदी की गिरफ्तारी के बाद अब भारत सरकार ब्रिटेन से प्रत्यर्पण का प्रयास करेगी। सूत्रों के मुताबिक भारत से CBI और प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम लंदन रवाना होगी। इस बीच CBI और ED की टीम लगातार UK अथॉरिटी और लंदन में मौजूद भारतीय हाई कमीशन के संपर्क में है। नीरव मोदी पर सिर्फ बैंक घोटाले के ही आरोप नहीं है। उस पर खराब क्वालिटी के हीरे बेचने, नोटबंदी के दौरान कैश में पैसे लेने समेत कई आरोप हैं। अब उसका प्रत्यर्पण से बच पाना आसान नहीं है।



इंग्लैंड : नीरव मोदी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)