पाकिस्तान 6 जनवरी को आंध्र के 22 मछुआरों को करेगा रिहा

  • Follow Newsd Hindi On  

अमरावती, 3 जनवरी (आईएएनएस)| पाकिस्तान सोमवार को आंध्र प्रदेश के उन सभी 22 मछुआरों को रिहा करेगा जिन्हें जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग को सूचित किया है कि पाकिस्तान सरकार ने 6 जनवरी को मछुआरों को रिहा करने व वाघा सीमा के जरिए भारत भेजने का फैसला किया है।


आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) ने रिहाई के श्रेय का दावा किया और कहा कि उसके नेताओं के निरंतर प्रयास से सफलता मिली है।

वाईएसआरसीपी संसदीय दल के नेता वी. विजयसाई रेड्डी ने 22 अगस्त को विदेश मंत्री एस जयशंकर को लिखे पत्र में आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम और विजयनगरम जिलों के मछुआरों की रिहाई के लिए कदम उठाने की मांग की थी। उन्हें नवंबर, 2018 में पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने गुजरात तट से पकड़ लिया था।

सांसद ने कहा कि बंधक बनाए गए मछुआरों के परिवार के साथ उन्होंने तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात की थी और उन्होंने कूटनीतिक माध्यमों के जरिए मछुआरों की रिहाई के प्रयास का भरोसा दिया था।


उत्तरी तटीय आंध्र क्षेत्र के मछुआरे मछली पकड़ने के लिए गुजरात गए थे। वे तीन नावों से समुद्री क्षेत्र में गए थे। पाकिस्तानी अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)