Jharkhand: झारखंड में खाकी हुई शर्मसार, कोविड सेंटर में महिला सिपाही के साथ पुलिसकर्मी ने किया रेप

  • Follow Newsd Hindi On  
Gang-rape of a female laborer in an under construction building

जमशेदपुर के सिदगोड़ा प्रोफेशनल कॉलेज कोविड सेंटर में एक महिला सिपाही के साथ दूसरे सिपाही ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी सिपाही अनिल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अनिल सिंह सिदगोड़ा कोविड सेंटर की सुरक्षा में तैनात था। वहीं, पीड़िता दहेज हत्या के मामले में गिरफ्तार सिदगोड़ा की एक महिला बंदी के साथ यहां प्रतिनियुक्त थी।

महिला सिपाही ने बताया कि वह कोरोना पॉजिटिव बंदी के साथ ड्यूटी पर थी। सिपाही अनिल सिंह ने महिला सिपाही से कहा कि नीचे वायरस के चलते कमरा ठीक नहीं है। इसलिए ऊपर में कमरा दिखा देते हैं, जो सुरक्षित है। उसके बहकावे में महिला सिपाही आ गई और अनिल सिंह के साथ कमरे में चली गई। जहां अनिल ने महिला सिपाही के साथ दुष्कर्म किया।


अनिल ने महिला सिपाही को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता रोने लगी तो अनिल सिंह ने कहा कि यदि वह यह बात किसी से बताती है तो उसकी और उसके परिवार की वह हत्या कर देगा। इससे महिला सिपाही काफी सहम गई। घटना के दूसरे दिन पीड़िता ने पुलिस लाइन में जाकर घटना की शिकायत की, जिसमें डीएसपी सीसीआर के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया।

फिलहाल जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर 24 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई और पीड़िता का एमजीएम अस्पताल में मेडिकल कराया गया। इसके बाद अनिल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे नीची जाति का कहकर प्रताड़ित किया।

सिपाही अनिल सिंह ने दुष्कर्म की घटना से इनकार करते हुए आरोप लगाया कि महिला सिपाही से उसका एक दोस्त अक्सर पुलिस लाइन से मिलने आता था। वह आईसोलेशन वार्ड में चला जाता था। इसका विरोध किया तो उस पर यह आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस ने दोनों की कोरोना जांच कराई है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)