प्रह्लाद सिंह साहनी हो सकते हैं दिल्ली विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर, 24 फरवरी से शुरू होगा सत्र

  • Follow Newsd Hindi On  
प्रह्लाद सिंह साहनी हो सकते हैं दिल्ली विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर, 24 फरवरी से शुरू होगा सत्र

दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद गठित नई विधानसभा का पहला सत्र 24 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। यह सत्र तीन दिनों तक चलेगा। सत्र के दौरान नवनिर्वाचित विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। 26 फरवरी तक चलने वाले इस सत्र के पहले दिन सबसे वरिष्ठ एवं अनुभवी विधायक को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाएगा। प्रोटेम स्पीकर सभी विधायकों को शपथ दिलाएंगे। सूत्रों की मानें तो आप (AAP) के विधायक प्रह्लाद सिंह साहनी को प्रोटेम स्पीकर बनाया जा सकता है।

प्रह्लाद सिंह साहनी चांदनी चौक विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। वह विधानसभा के सबसे वरिष्ठ विधायक हैं और आम तौर पर सबसे वरिष्ठ विधायक को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया जाता है। 69 वर्षीय प्रह्लाद सिंह साहनी इससे पहले चार बार चांदनी चौक से विधायक रह चुके हैं। इस बार उन्होंने कांग्रेस की अल्का लांबा और बीजेपी के सुमन गुप्ता को बड़े अंतर से हराया है।


बता दें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में एक प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि उनकी कैबिनेट की पहली बैठक हुई है। कैबिनेट ने विधानसभा के तीन दिवसीय सत्र का अनुमोदन कर दिया है। सत्र के पहले दिन उपराज्यपाल अनिल बैजल प्रोटेम स्पीकर को शपथ दिलाएंगे। फिर प्रोटेम स्पीकर सभी विधायकों को शपथ दिलाएंगे।

दिल्ली के सरकारी स्कूल में हैप्पीनेस क्लास देखने जाएंगी मेलानिया ट्रंप, CM केजरीवाल करेंगे स्वागत

25 फरवरी को उपराज्यपाल का भाषण होगा और 26 पर इस भाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव आएगा। उपराज्यपाल अपने भाषण में दिल्ली के विकास एवं सरकार की योजनाओं के बारे में अपने विचार रखेंगे। इसमें सरकार के अगले पांच साल की योजनाओं का खाका पेश किया जाएगा। वहीं धन्यवाद प्रस्ताव में विधायक अपने-अपने विचार रखेंगे। इस दौरान आपसी सहमति से विधानसभा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की सरकार के पिछले कार्यकाल में शाहदरा के विधायक रामनिवास गोयल विधानसभा स्पीकर रहे हैं। दिल्ली विधानसभा में इस बार आम आदमी पार्टी (आप) के 62 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 8 विधायक हैं तो वहीं कांग्रेस का खाता नहीं खुल पाया है।



रामवीर सिंह बिधूड़ी बनाए जा सकते हैं दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष

दिल्ली मंत्रिमंडल की बैठक में गारंटी कार्ड लागू करने का निर्णय

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)