छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ इंडिया गेट पर धरने पर बैठीं प्रियंका गांधी, बोलीं- देश गुंडों की जागीर नहीं

  • Follow Newsd Hindi On  
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ इंडिया गेट पर धरने पर बैठीं प्रियंका गांधी, बोलीं- देश गुंडों की जागीर नहीं

जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इंडिया गेट पर धरने पर बैठी हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता इंडिया गेट पर दो घंटे के लिए सांकेतिक धरने पर बैठे हैं। प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी, अहमद पटेल और पार्टी के अन्य नेता भी धरने पर बैठे हैं।

कांग्रेस महासचिव ने कहा है कि देश गुंडों की जागीर नहीं है। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि 2 घंटे का ये प्रदर्शन 4 बजे शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ एकजुटता व्यक्त करना है। पुलिस ने रविवार को छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल किया था। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हिंसक होने के बाद पुलिस ने ये कार्रवाई की। जामिया में प्रदर्शन के दौरान कई छात्राएं घायल हो गईं। छात्राओं का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने उनपर हमला किया, साथ ही कैंपस में आंसू गैस के गोले छोड़े गए।


जामिया के छात्रों ने की CBI जांच की मांग

जामिया के सैकड़ों छात्र रविवार को अपने सहपाठियों पर की गई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आज सर्दी के बावजूद परिसर के बाहर सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों में विभिन्न राज्यों से आई छात्राएं भी शामिल थीं। स्थानीय लोग और कुछ परिजन भी प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में सामने आए। छात्रों का एक समूह हाड़ कंपाने वाली ठंड में सुबह कमीज उतारकर विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वारों के बाहर खड़ा हो गया। कई छात्रों ने ‘पुलिस बर्बरता’ के खिलाफ विरोध जताने के लिए बड़ी संख्या में मानव श्रृंखला बनाई। छात्रों के समूह ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए और मार्च भी निकाला। उन्होंने ‘पुलिस की बर्बरता’ की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की है।


जामिया हिंसा पर प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को बताया कायर, प्रशांत किशोर ने कही ये बात

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)