प्रियंका ने एटलस साइकिल फैक्ट्री बंद होने पर सरकार पर साधा निशाना

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में प्रमुख साइकिल निर्माता एटलस के अपना कारखाना बंद करने के एक दिन बाद कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को सरकार पर निशाना साधा है।

प्रियंका ने कहा कि उद्योगों के लिए दिया आर्थिक पैकेज सिर्फ एक घोषणा थी और यह सरकार का कर्तव्य है कि वह नौकरियों को बचाए।


प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, “कल विश्व साइकिल दिवस के मौके पर साइकिल कंपनी एटलस की गाजियाबाद स्थित फैक्ट्री बंद हो गई। 1000 से ज्यादा लोग एक झटके में बेरोजगार हो गए।”

उन्होंने कहा, “सरकार के प्रचार में तो सुन लिया कि इतने का पैकेज, इतने एमओयू, इतने रोजगार लेकिन असल में तो रोजगार खत्म हो रहे हैं। फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं।”

पार्टी की पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा, “लोगों की नौकरियां बचाने के लिए सरकार को अपनी नीतियां और योजना स्पष्ट करनी पड़ेगी।”


प्रियंका की टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब एटलस फैक्ट्री के कर्मचारियों ने फैक्ट्री के गेट पर फैक्ट्री के बंद किए जाने के बारे में एक नोटिस चस्पा पाया।

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)