राहत सामग्री के साथ पीपीई किट्स, मॉस्क और सेनिटाइजर बांटने में जुटे दिल्ली के सांसद

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 10 मई (आईएएनएस)। कोरोना वायरस की रोकथाम के मद्देनजर लागू की गयी, देशव्यापी बंदी के बीच भाजपा का अभियान जारी है। दिल्ली में भी व्यापक तौर पर राहत मिशन चलाया जा रहा है। दिल्ली में सभी सातों सांसद अपने अपने क्षेत्र की चिंता कर रहे हैं। अब पार्टी ने राहत अभियान को केन्द्रित कर दिया है। राहत के साथ साथ अब लोगों के बीच मॉस्क और सेनिटाइजर का वितरण प्रमुखता से हो रहा है।

इस बावत दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और उत्तर पूर्व दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी की दिनचर्या काफी अलहदा है। सुबह दिनचर्या की शुरुआत वो अपने स्टाफ के साथ करते हैं। बताया गया है कि 24 मार्च को देश भर में लागू की गयी राष्ट्रव्यापी बंदी के दिन से जो लोग, कार्यकर्ता या सुरक्षा कर्मी उनके साथ हैं, वे सभी अभी उनके साथ बने हुए हैं। मनोज तिवारी सबका ख्याल रखते हैं, और एक साथ सुबह व्य्यायाम करते हैं।


मनोज तिवारी ने कहा, “व्यायाम के बाद पूरे दिल्ली के कार्यकर्ताओ के साथ उनका ऑनलाइन सेशन शुरू होती है। उसके बाद दोपहर तक उनके फोन पर, आवास के फोन पर या सोशल मीडिया के जरिये जो भी जरूरत दर्ज की जाती है, सभी की लिस्ट बनाकर उन क्षेत्रों को रवाना किया जाता है। इस तरह के अब 40 से 50 कॉल्स आते है। पहले के मुकाबले ये कॉल्स घट गये हैं। पहले हर रोज 200 से 300 कॉल्स आते थे। लेकिन आज कल अधिकतर कॉल्स पास बनवाने के लिए आता है।” पार्टी की गतिविधियों को निपटा कर, मनोज तिवारी हर रोज अपने आवास में बने क्रिकेट पिच पर हाथ आजमाना नहीं भूलते हैं।

वहीं नई दिल्ली की सांसद मिनाक्षी लेखी कहती हैं, “अभियान अभी और भी व्यापक हो गया है। पहले सिर्फ लोगों तक पके और कच्चे भोजन सामग्री पहुंचाने का लक्ष्य था, लेकिन अब जरूरत मन्दों तक खाद्य सामग्री पहुंचाने के अलावा उनकी स्वास्थ्य जरूरतों की भी चिंता रखी जाती है। अब पार्टी हाईकमान के आदेश से लोगों तक मॉस्क और सेनिटाइजर की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर लोगों का कोरोना टेस्ट करवाना और रिपोर्ट दिलवाना प्रमुखता में शामिल हो गया है।”

उन्होंने कहा कि कोरोना वॉरियर को पीपीई किट उपलब्ध कराना और उनके परिवार की देखरेख की जा रही है। सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि अब हर दिन अपने क्षेत्र के अलग अलग पुलिस द़फ्तरों में पुलिस कर्मियों के बीच पीपीई किट, हैंड सेनिटाइजर, दस्ताने मुहैया करवा रही हूं, ताकि कोरोना के खिलाफ लड़ रहे फ्रंट लाइन वॉरियर सुरक्षित रहे।


उधर पश्चिम दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा की भी दिनचर्या काफी व्यस्त रहती है। उनका कहना है कि सुबह की शुरुआत योग से होती है, और फिर वो निकल पड़ते हैं अपने संसदीय क्षेत्र में जरूरतमन्दों की मदद के लिए। उनका कहना था, “अब दिल्ली में खाद्य सामग्री की उतनी मांग नहीं रह गयी है, केन्द्र सरकार की योजनाओं का सीधा फायदा लोगों को होने लगा है। अब सफाई कमर्चारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को पसर्नल प्रोटेक्शन किट और जरूरी स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध करा रहा हूं। उत्तम नगर, द्वारका, नजफगड़, जनकपुरी, छवला गांव, कुतुब बिहार में ‘मोदी किट’ दिये जा रहे हैं।”

दक्षिण दिल्ली के सांसद रमेश विधूड़ी कहते हैं, “अभी भी पूरा दिन लोगों के बीच रहकर निकल जाता है। अंतर सिर्फ अब इतना है कि अब लोगों में कम मात्रा में खाद्य सामग्री बांटनी पड़ती है। लेकिन अब मॉस्क और सेनिटाइजर को बड़े पैमाने पर वितरित किया जा रहा है। बड़ी मात्रा में पीपीई किट मंगवा रखा है जो अपने क्षेत्र के 7 अस्पतालों में बांटे जाएंगे। कोरोना महामारी की वजह से पार्टी में अभी कोई गतिविधि नहीं हो रही है और न ही शादी ब्याह हो रहा है, लिहाजा जल्दी ही घर लौट आता हूं।”

गौरतलब है कि संकट की इस घड़ी में भाजपा ने भी राहत पहुंचाने पर अपना ध्यान केंद्रित किया है। भाजपा ने इस दौरान जनसेवा को समर्पित लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए पार्टी ने 916 संगठनात्मक जिलों को काम में लगाया गया है। साथ ही साथ देशभर के 3741 मंडल इस पूरे अभियान में शामिल है। पार्टी के एक करोड़ कार्यकर्ता पार्टी के महाभोज कार्यक्रम के जरिए 5 करोड़ जरूरतमंदों को भोजन करा रहे हैं। इसके अलावा पार्टी की तरफ से 9 करोड़ फूड पैकेट्स और 2 करोड़ लोगों तक खाद्य सामग्री बांटी जा चुकी है।

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)