राहुल गांधी के राजनीतिक करियर का अंत आज लिख गया : अकाली नेता

  • Follow Newsd Hindi On  

चंडीगढ़, 11 फरवरी (आईएएनएस)| शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के एक नेता ने सोमवार को यहां कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के राजनीतिक करियर का अंत उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा की सक्रिय राजनीति में आने के साथ लिख गया है। प्रियंका गांधी के लखनऊ में पहले रोडशो पर प्रतिक्रिया देते हुए बिक्रम सिंह मजीठिया ने मीडिया से कहा, “आज भोग पाई गया है राहुल गांधी जी दा यानी राहुल गांधी के राजनीतिक करियर का अंत लिख गया है।”

पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव बनने के बाद प्रियंका लखनऊ में पहला रोडशो कर रही हैं।


मजीठिया ने कहा कि प्रियंका गांधी को राजनीति में लाकर कांग्रेस पार्टी ने खुद राहुल गांधी की असफलता को स्वीकार कर लिया है।

मजीठिया केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल के छोटे भाई हैं।

पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री मजीठिया ने कहा, “कांग्रेस ने इसे खुद स्वीकार किया है कि राहुल असफल रहे हैं और उनकी पार्टी में चीजें काम नहीं कर रही हैं। इसलिए वह अब अपनी बहन को लाए हैं।”


उन्होंने कहा, “इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस फैसला कर सकती है कि किसे आगे बढ़ाना है। चाहे यह राहुल गांधी हो, या सोनिया गांधी या रॉबर्ट वाड्रा, हमें इससे कुछ नहीं लेना-देना है।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)