राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने 26/11 मुंबई पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी

  • Follow Newsd Hindi On  

 मुंबई, 26 नवंबर (आईएएनएस)| राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस ने सोमवार को 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले की 10वीं बरसी पर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।

 राष्ट्रपति ने ट्वीट कर कहा, “पीड़ित लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनाएं हैं। हम उन पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों को सलाम करते हैं, जिन्होंने उस दिन अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।”


उन्होंने कहा, “भारत की न्याय करने और आतंकवाद को हराने की प्रतिबद्धता बनी रहेगी।”

उन्होंने कहा कि यह दिन भारतीय संविधान को अपनाने की 70वीं वर्षगांठ को भी चिह्न्ति करता है।

राष्ट्रपति ने आग्रह किया, “आइए हम संवैधानिक नैतिकता को अपने सभी विचारों और सभी गतिविधियों में शामिल करके इस वर्षगांठ को सार्थक करें।”


मोदी ने बर्बर हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा, “शोकग्रस्त परिवारों के साथ हमारी एकजुटता। हमारे बहादुर पुलिस और सुरक्षाबलों के प्रति हमारा आभारी राष्ट्र अपना मस्तक झुकाता है जिन्होंने मुंबई हमलों के दौरान आतंकवादियों से बहादुरी से मुकाबला किया।”

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक संदेश में कहा, “26/11 के मुंबई आतंकी हमले को याद करते हुए। सुरक्षा कर्मियों, बहादुरों, एनएसजी कमांडो, पुलिस, दमकलकर्मियों और मुंबई के सभी नागरिकों के प्रति मेरी कृतज्ञता और सलाम।”

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने भी आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देने वाले साहसी सुरक्षा बलों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

फडणवीस ने देश की वाणिज्यिक राजधानी को सुरक्षित रखने के लिए किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा, “हमलों के बाद मुंबई की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। शहर अब सख्त सीसीटीवी निगरानी में है और हम आतंक के खिलाफ अपने युद्ध को तेज करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश और इसके लोग देश की सुरक्षा के लिए दिए गए अपने नायकों के सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेंगे।

26/11 हमले और इसके पीड़ितों की याद में सोमवार को शहर में कई समारोह आयोजित किए गए हैं।

हथियारों से लैस 10 आतंकवादी एक नाव के जरिए अरब सागर से मुंबई में घुसे थे। यहां उन्होंने 166 लोगों की हत्या की जिसमें भारतीय सुरक्षाकर्मी सहित 26 विदेशी नागरिक शामिल थे। आतंकी हमले में 300 लोग घायल हुए थे।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)