राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक जताया

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे मनोरंजन उद्योग और राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि देश ने एक प्यारा बेटा और फिल्म उद्योग का एक रत्न खो दिया।

राष्ट्रपति ने ट्विटर पर कहा, “हमेशा मुस्कुराते चेहरे के साथ एक सदाबहार व्यक्तित्व, वह जीवन से इतने लबरेज थे कि यह विश्वास करना मुश्किल है कि वह अब नहीं हैं। मनोरंजन उद्योग के लिए यह एक बहुत बड़ा नुकसान है। आइए हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। उनके परिवार तथा मित्रों के लिए मेरी संवेदनाएं।”


उपराष्ट्रपति नायडू ने कहा कि राष्ट्र ने एक प्यारा बेटा और फिल्म उद्योग ने एक रत्न खो दिया।

नायडू ने ट्वीट किया, “दिग्गज हिंदी फिल्म अभिनेता, ऋषि कपूर के निधन के बारे में जानकर बहुत दुखी हूं। प्रतिभाशाली अभिनेता ने कई बेहतरीन भूमिकाएं निभाईं और वह अपनी रोमांटिक फिल्मों के लिए भी लोकप्रिय थे। उनके निधन से, देश ने एक प्यारा बेटा खो दिया और फिल्म जगत ने एक रत्न खो दिया।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कपूर को बहुआयामी, प्रिय और जीवंत बताया।


मोदी ने ट्वीट किया,”..वह प्रतिभा के पॉवरहाउस थे। मैं सोशल मीडिया पर हमारी बातचीत को भी हमेशा याद रखूंगा। वह भारत की प्रगति को लेकर बहुत उत्साहित थे, हम उनके निधन से दुखी हैं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना।”

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया।

अपने संदेश में, बिड़ला ने कहा, “महान अभिनेता, निर्देशक और निर्माता ऋषि कपूर जी के असामयिक निधन पर दुखी हूं। भारतीय सिनेमा के लिए उनका निधन एक गहरी क्षति है। मैं उनके शोक संतप्त परिवार को इस दुख से उबरने की ताकत देने के लिए प्रार्थना करता हूं। ओम शांति।”

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कपूर को खुद में एक संस्था करार दिया।

शाह ने ट्वीट किया, “महान अभिनेता ऋषि कपूर जी के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। वह अपने आप में एक संस्थान थे। ऋषि जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्हें अपने असाधारण अभिनय कौशल के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार और अनुयायियों के प्रति संवेदना। ओम शांति।”

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)