राजीव गांधी हत्याकांड की दोषी नलिनी श्रीहरन ने की जेल में खुदकुशी की कोशिश, कैदी से हुआ था झगड़ा

  • Follow Newsd Hindi On  
राजीव गांधी हत्याकांड की दोषी नलिनी श्रीहरन ने की जेल में खुदकुशी की कोशिश, कैदी से हुआ था झगड़ा

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या की दोषी नलिनी श्रीहरन (Rajiv Gandhi killer Nalini Sriharan) ने जेल में खुदकुशी करने की कोशिश की है। जानकारी के मुताबिक, नलिनी ने तमिलनाडु के वेल्लोर जेल में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या की कोशिश की। बताया जा रहा है कि जेल में एक कैदी के साथ झगड़े के बाद उसने खुदकुशी की कोशिश की।

नलिनी के वकील ने इस बात की जानकारी दी। वकील ने बताया कि नलिनी और अन्य कैदी के बीच झगड़ा हो गया था। दोनों के झगड़े की बात जेलर तक पहुंच गई थी और जेलर से भी बहस हो गई। उसके बाद नलिनी ने अपना गला घोंटकर जान देने की कोशिश की। वकील का कहना है कि नलिनी ने इतने सालों में पहली बार ऐसा कदम उठाया है, जिसकी असल वजह वह जानना चाहती हैं। नलिनी के वकील ने आगे कहा कि उसके पति जो राजीव गांधी हत्याकांड में ही जेल में बंद है, उसने नलिनी को दूसरे जेल में शिफ्ट करने की मांग उठाई है।


पिछले 29 सालों से जेल में बंद है नलिनी

राजीव गांधी हत्याकांड की दोषी नलिनी तमिलनाडु की वेल्लोर जेल में उम्रकैद की सजा काट रही है। वह पिछले 29 साल से जेल में है और दुनिया में सबसे ज्यादा लंबे वक्त तक कैद काट रही महिला है। वह एलटीटीई के लिए काम करने वाले मुरुगन श्रीहरण की करीबी सहयोगी थी। दोनों ने शादी कर ली थी। जब नलिनी को गिरफ्तार किया गया तब वह दो महीने की गर्भवती थी। उसकी बेटी अरिथ्रा का जन्म भी जेल में ही हुआ था और अब वह लंदन में डॉक्टर है।

राजीव गांधी की हत्या में सात लोगों -ए.जी. पेरारिवलन, वी. श्रीहरन उर्फ मुरुगन, टी. सुतेन्द्रराजा अलैस संथान, जयकुमार, रॉबर्ट पायस, रविचंद्रन और वी. श्रीहरन की पत्नी नलिनी श्रीहरन को दोषी ठहराया गया था।

साल 1991 में हुई थी राजीव गांधी की हत्या

बता दें कि तमिलनाडु के श्रीपेरमबुदूर में एक चुनावी रैली के दौरान 21 मई 1991 में लिट्टे के आत्मघाती हमले में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या हुई थी। इस मामले में नलिनी को मृत्युदंड दी गई थी, लेकिन तमिलनाडु सरकार ने 24 अप्रैल, 2000 को उसकी सजा उम्रकैद में बदल दी थी।



राजीव गांधी हत्याकांड: दोषी नलिनी और मुरुगन ने की इच्छा मृत्यु की मांग

राजीव गांधी की जयंती पर क्यों और कब से मनाया जाता है सद्भावना दिवस, ली जाती है सद्भावना शपथ

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)