Rajya Sabha Elections 2020 Live Update: कांग्रेस ने राजस्थान में राज्यसभा की 2 सीटें जीतीं, भाजपा ने एक सीट पर जमाया कब्जा

  • Follow Newsd Hindi On  
Bihar: विधानसभा में कृषि कानूनों को लेकर विपक्ष का जोरदार हंगामा

Rajya Sabha Elections 2020 Live Update: आज देश के 10 राज्यों की 24 सीटों पर राज्यसभा चुनाव हो गए हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा को दो सीट पर और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है। वहीं राजस्थान में कांग्रेस को दो सीट और भाजपा को एक सीट पर जीत मिली है। आंध्रप्रदेश से राज्यसभा के चार सीटों पर सत्तारूढ़ वाइएसआर कांग्रेस ने जीत हासिल कर ली है। इनमें से कई सीटों पर मार्च में ही चुनाव होने थे लेकिन कोरोनावायरस महामारी और लॉकडाउन की वजह से इन्हें टाल दिया गया था।

दस राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों में से  2 राज्यों की 5 सीटों पर बिना विरोध कैंडिडेट चुन लिए गए। बाकी 8 राज्यों की 19 सीटों के लिए वोटिंग शाम 4 बजे तक चली। इसके एक घंटे बाद यानी शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई। गुजरात की 4 में से 2 सीटों पर भाजपा और 1 पर कांग्रेस की जीत तय मानी जा रही है। वहीं एक सीट पर पेंच फंसा है।


विधायकों के आंकड़ों के हिसाब से मध्यप्रदेश की 3 सीटों में से 2 पर बीजेपी की जीत पक्की मानी जा रही है। जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है। राजस्थान में भी 3 सीटों पर चुनाव हैं। इनमें से 2 पर कांग्रेस और 1 पर भाजपा की जीत लगभग तय है।

बीजेपी-नीत NDA की सरकार को उच्चसदन यानी राज्यसभा में बहुमत के लिए 30 और सीटों की जरूरत है। एक ओर जहां बीजेपी अपनी जीत के लिए पहले ही तमाम समीकरण लगा चुकी है।  वहीं कांग्रेस अपनी साख बचाने की भरपूर कोशिश करेगी।


Live Blog

8:19PM 19 Jun, 20
झारखंड की एक सीट पर बीजेपी के दीपक प्रकाश और एक पर जेएमएम के शिबू सोरेन विजयी घोषित

झारखंड में शुक्रवार को राज्यसभा की 2 सीटों के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद नतीजे आ गए हैं। झारखंड की दो सीटों में से एक पर बीजेपी के दीपक प्रकाश और जेएमएम के शिबू सोरेन विजयी घोषित हुए हैं।

7:15PM 19 Jun, 20
मध्य प्रदेश: दो सीटों पर बीजेपी की जीत, कांग्रेस से दिग्विजय सिंह विजयी

मध्य प्रदेश में हुए राज्यसभा चुनाव का परिणाम आ चुका है। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खाते में दो सीट गई है तो वहीं एक सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है। कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया राज्यसभा चुनाव जीत गए हैं। इसके अलावा बीजेपी की ओर से सुमेर सिंह सोलंकी को भी चुनाव में जीत मिली है। कांग्रेस की तरफ से दिग्विजय सिंह ने राज्यसभा चुनाव में जीत दर्ज की है।

7:09PM 19 Jun, 20
मध्य प्रदेश के बिजावर से सपा विधायक राजेश शुक्ला पार्टी से निष्कासित

मध्य प्रदेश के बिजावर से सपा विधायक राजेश शुक्ला को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। समाजवादी पार्टी ने इस बात की जानकारी ट्विटर पर दी है। विधायक राजेश शुक्ला ने राज्यसभा चुनाव में आज बीजेपी प्रत्याशी को वोट किया था।

7:08PM 19 Jun, 20
गुजरात कांग्रेस ने चुनाव आयोग में दायर की अर्जी

गुजरात कांग्रेस ने चुनाव आयोग में एक अर्जी दायर की है। कांग्रेस ने यह अर्जी बीजेपी विधायक केसरी सिंह सोलंकी के वोट को लेकर दायर की है। अपनी अर्जी में कांग्रेस ने कहा है कि केसरी सिंह सोलंकी ने प्रॉक्सी वोट डाला था। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि सोलंकी अस्पताल में भर्ती थे। इसे लेकर ही कांग्रेस ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। कांग्रेस का कहना है कि अगर प्रॉक्सी वोट डालना होता है तो चुनाव आयोग को तीन दिन पहले अर्जी देनी पड़ती है। 24 घंटे के अंदर ये नहीं हो सकता है।

7:03PM 19 Jun, 20
कांग्रेस ने राजस्थान में 2 सीटें जीतीं, भाजपा ने एक सीट पर जमाया कब्जा

राजस्थान से राज्यसभा की दो सीटों पर कांग्रेस के नेता केसी वेणुगोपाल और नीरज डांगी विजयी रहे हैं। जबकि भाजपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की है।

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर इस खबर की पुष्टि करते हुए लिखा, "राजस्थान से राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल जी और नीरज डांगी जी को बधाई। यह कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों की जीत है।"

7:00PM 19 Jun, 20
बसपा-सपा विधायकों ने बीजेपी को वोट दिया

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर चार प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में राज्य में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला है। यहां समाजवादी पार्टी (SP) और बहुजन समाजवादी पार्टी (BSP) के विधायकों ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। दोनों पार्टियों के विधायकों ने भाजपा को वोट दिया है। बसपा के विधायक संजीव कुशवाहा ने वोट देने के बाद कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए शिवराज सिंह के सरकार के साथ हैं। पार्टी के एक अन्य विधायक संजीव कुशवाहा ने कहा कि सदन के भीतर सरकार को समर्थन कर रहे हैं, लेकिन उपचुनाव सभी 24 सीटों पर लड़ेंगे। इसके अलावा सपा विधायक राजेश शुक्ला ने भी भाजपा को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी सुमेर सिंह सोलंकी को वोट दिया है। राज्य में बसपा के दो और सपा के एक विधायक हैं।

6:24PM 19 Jun, 20
गुजरात में बीजेपी के तीन विधायक करेंगे प्रॉक्सी वोट

गुजरात में बीजेपी के तीन विधायक प्रॉक्सी वोट करेंगे। इनमें केसरी सिंह सोलंकी, पुरुषोत्तम सोलंकी और शामूभूजी ठक्के शामिल हैं। गुजरात में कांग्रेस ने शक्ति सिंह गोहिल को पहला कैंडिडेट बनाया है जबकि भरत सिंह सोलंकी पार्टी के दूसरे कैंडिडेट है। एक तरफ जहां गोहिल की राह आसान दिख रही है वहीं सोलंकी की राह उतनी ही मुश्किल है।

5:10PM 19 Jun, 20
झारखंड में राज्यसभा चुनाव में शिबू सोरेन और दीपक प्रकाश की जीत तय

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश की जीत तय मानी जा रही है। हालांकि इस बात का औपचारिक ऐलान बाकी है। दिन में 12:30 बजे ही एनडीए के उम्मीदवार दीपक प्रकाश के पक्ष में जीत के लिए जरूरी 27 से 2 मत ज्यादा पड़ चुके थे।

3:56PM 19 Jun, 20
बागी विधायकों को मिली वोट डालने की इजाजत

मणिपुर के विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस के बागी तीन विधायकों को राज्यसभा चुनाव के दौरान वोटिंग करने की इजाजत दे दी है, वहीं हाई कोर्ट ने इन विधायकों पर बैन लगाया था।

3:07PM 19 Jun, 20
टीडीपी नेता चंद्रबाबू नायडू ने डाला अपना वोट

टीडीपी नेता और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान कर चुके हैं।

2:52PM 19 Jun, 20
एमपी में वोटिंग प्रक्रिया हुई सम्पन्न

मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। राज्य में 3 सीटों के लिए वोट डाले गए।

1:46PM 19 Jun, 20
कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी पीपीई किट पहनकर वोट डालने पहुंचे

कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी पीपीई किट पहनकर अपना वोट डालने के लिए भोपाल में राज्य विधान सभा पहुंचे।

1:17PM 19 Jun, 20
गुजरात में बीटीपी के दो विधायकों ने मतदान न करने का लिया फैसला

गुजरात में राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतदान शुरू होने से पहले भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के दो विधायकों ने कहा कि वे तब तक मतदान नहीं करेंगे जब तक कि आदिवासियों, प्रवासियों और दलितों के कल्याण को लेकर उन्हें लिखित में आश्वासन नहीं दिया जाएगा।

12:54PM 19 Jun, 20
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया मतदान

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अपना वोट डाल चुके हैं। उन्होंनने दावा किया है कि भारतीय ट्राइबल पार्टी के दो विधायकों ने कांग्रेस प्रत्याशियों को वोट दिया है।

12:49PM 19 Jun, 20
बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में पड़े 29 वोट

ताजा जानकारी के मुताबिक झारखंड में बीजेपी उम्मीदवार दीपक प्रकाश के पक्ष में अब तक 29 वोट पड़े हैं, वहीं यूपीए उम्मीदवार के पक्ष में 15 वोट पड़े हैं। जबकि निर्दलीय विधायक सरयू राय अभी तक वोट देने विधानसभा नहीं पहुंचे हैं।

12:10PM 19 Jun, 20
आंध्र प्रदेश के सीएम जगनमोहन रेड्डी ने किया मतदान

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने अमरावती में राज्य विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना वोट डाल चुके है।

11:56AM 19 Jun, 20
झारखंड मुक्ति मोर्चा के भूषण तिर्की ने डाला पहला वोट

झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए यहाँ सुबह ही मतदान प्रारंभ हो चुका है। सबसे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के भूषण तिर्की ने अपना वोट डाला। राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनावी मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन के अलावा मुख्य विपक्षी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश एवं कांग्रेस के शहजादा अनवर उम्मीदवार हैं।

11:50AM 19 Jun, 20
बीजेपी विधायक एम्बुलेंस में विधान सभा पहुंचे

गुजरात की मातर विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी विधायक केसरसिंह जेसंगभाई सोलंकी एम्बुलेंस में विधान सभा पहुंचे। पिछले दिनो  ही उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राज्य की 4 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान जारी है।

11:47AM 19 Jun, 20
गुजरात में चुनाव जीतने का समीकरण

गुजरात में प्रत्येक उम्मीदवार को चुनाव जीतने के लिए 35 विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ेगी। एक तरफ बीजेपी के पास 103 विधायक हैं। वहीं कांग्रेस के पास 65, भारतीय ट्राइबल पार्टी के पास दो, राकांपा के पास एक सीट है। जबकि एक सीट निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी की है। हालांकि 182 सदस्यीय सदन में अभी सिर्फ 172 सदस्य हैं क्योंकि 10 सीट खाली हैं जिनमें से आठ कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे की वजह से और दो अदालत में मामलों की वजह से खाली हैं।

11:25AM 19 Jun, 20
झारखंड में दो निर्दलीय विधायकों ने हमें दिया समर्थन: बीजेपी

झारखंड में बीजेपी विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में दो निर्दलीय विधायकों सरयू राय और अमित यादव ने हमें अपना समर्थन दिया है और हमें दो अन्य विधायकों का समर्थन मिलने की उम्मीद है। 32 वोटों के साथ हम दीपक प्रकाश को राज्यसभा भेजने की आशा करते हैं।

11:14AM 19 Jun, 20
बीजेपी विधायक का दावा

बीजेपी विधायक बिरंची नारायण ने दावा किया है कि झारखंड में राज्यसभा के लिए हो रहे चुनाव में उनकी पार्टी के उम्मीदवार को 32 वोट मिलेंगे। आपको बता दें कि राज्य में 2 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है।

 
10:27AM 19 Jun, 20
एमपी के पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा 1 सीट पर हमारी जीत निश्चित

मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि यह पूरी तरह स्पष्ट हो चुका है कि हम एक सीट जीत रहे हैं। अभी आगे क्या होता है यह देखिए। राज्य में राज्यसभा के लिए 3 सीटों पर चुनाव हो रहा है।

10:20AM 19 Jun, 20
मणिपुर में भी रोचक मुकाबले की उम्मीद

मणिपुर में सत्तारूढ़ गठबंधन के 9 सदस्यों के इस्तीफे के कारण वहां भी चुनाव रोचक होने की संभावना है। बीजेपी ने लीसेम्बा सानाजाओबा को तथा कांग्रेस ने टी मंगी बाबू को उम्मीदवार बनाया है। कर्नाटक में चार सीटों पर पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, बीजेपी उम्मीदवार इरन्ना कडाडी और अशोक गस्ती को पहले ही निर्विरोध विजेता घोषित किया जा चुका है।

9:56AM 19 Jun, 20
इन नेताओं की साख दांव पर

वर्तमान समय में एनडीए के पास राज्यसभा की 245 सीटों में से 91 सीटें हैं, वहीं UPA के पास 61 हैं। दूसरी विपक्षी पार्टियों और गुट-निरपेक्ष पार्टियों के पास कुल मिलाकर 68 सीटें हैं। आज के चुनाव में गुजरात से शक्ति सिंह गोहिल और भारत सिंह सोलंकी, मध्य प्रदेश से ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह और राजस्थान से केसी वेणुगोपाल की साख दांव पर लगी हैं।

9:50AM 19 Jun, 20
गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश में दिलस्प होगा मुकाबला

गुजरात, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक की चार-चार सीटों पर मतदान कराए जाएंगे। एमपी और राजस्थान की दो-दो सीटों पर चुनाव होंगे। वहीं झारखंड, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल और मिज़ोरम की एक-एक सीट पर चुनाव होने हैं। सबसे दिलचस्प मुकाबला गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश की एक-एक सीट पर है।

9:47AM 19 Jun, 20
वाईएसआर कांग्रेस को चारों सीट जीतने की उम्मीद

वाईएसआर कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश की चारों सीट जीतने की उम्मीद जताई है। वाईएसआर कांग्रेस की कल विधायक दल की बैठक हुई, जिसके बाद सीएम जगनमोहन रेड्डी ने कहा कि हम चारों सीट पर जीतेंगे।

9:45AM 19 Jun, 20
एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने किया मतदान

आठ राज्यों के 19 सीटों के लिए हो रहे राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान राज्य विधानसभा में अपना वोट डाल चुके हैं। एमपी में 3 सीटों के लिए चुनाव होना है।

9:43AM 19 Jun, 20
राजस्थान में बीजेपी ने उतारा अतिरिक्त उम्मीदवार

राजस्थान में 3 सीट पर राज्यसभा चुनाव होने हैं। अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो यहां बीजेपी को एक सीट और कांग्रेस को दो सीटें मिल सकती हैं। बीजेपी ने यहां अपना एक अतिरिक्त कैंडिडेट भी मैदान में उतारा है। इस वजह से ये चुनाव और रोचक हो गया। इसी डर की वजह से कांग्रेस को रिसॉर्ट पॉलिटिक्स का सहारा लेना पड़ा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि उनके हर विधायक को बीजेपी की ओर से 25 से 30 लाख करोड़ की पेशकश की गई थी।

9:38AM 19 Jun, 20
मार्च में होने थे राज्यसभा चुनाव

चुनाव आयोग ने फरवरी में 17 राज्यों की 55 सीटों पर चुनाव की घोषणा की थी। मार्च में इनमें से 10 राज्यों में से 37 कैंडिडेट्स को निर्विरोध चुन लिया गया था वहीं बाकी बची सीटों पर 26 मार्च को चुनाव होना था लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसे टालना पड़ा।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)