Coronavirus: भारत में एक दिन में सामने आए रिकार्ड 52 हजार नए मामले

  • Follow Newsd Hindi On  
67 thousand new patients found in 24 hours in India

भारत में बीते 24 घंटों में कोविड-19 संक्रमण के कुल 52,123 मामले सामने आए हैं। यह जानकारी गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने दी। मंत्रालय ने साथ ही यह भी कहा कि 70 फीसदी से अधिक मौतों में वह मरीज शामिल हैं, जो पहले से किसी न किसी बीमारी से ग्रस्त थे।

चीन के वुहान से निकलकर पूरी दुनिया में तबाही फैलाने वाले इस वायरस के कारण भारत में अब तक कुल 34,968 लोग जान गंवा चुके हैं।भारत महामारी से पीड़ित तीसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है। अब तक कोविड-19 मामलों की कुल संख्या 15,83,792 है, वहीं वायरस से उबरने वाले लोगों की संख्या 10,20,582 है।


मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “वायरस से रिकवरी की दर 64.43 प्रतिशत है।” वहीं मंत्रालय के रिकॉर्ड के अनुसार, बीते 24 घंटों में कुल 32,553 लोग इससे ठीक हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि बीते 24 घंटों में 775 लोगों ने अपनी जान गंवाई है, जिसके अनुसार हर घंटे में करीब 32 लोगों की मौत हुई है।

कोविड से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में अब तक 1,46,433 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों में 1,435 नए मामले सामने आए हैं। वहीं अब तक 2,39,755 लोग वायरस से उबर चुके हैं। महाराष्ट्र में कुल 14,463 मौतें दर्ज की गई हैं और पिछले 24 घंटों में 298 लोगों की मौत हुई है।

आंध्र प्रदेश में बीते 24 घंटों में कुल 7,244 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद सक्रिय मामलों की संख्या 63,771 हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि राज्य में वायरस से कुल 55,406 लोग ठीक हुए हैं और बीते 24 घंटों में 2,784 लोगों को वायरस से उबरने के बाद अस्पताल या क्वारंटाइन सेंटर से जाने दिया गया। यहां अब तक 1,213 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और 24 घंटे में 65 लोगों ने दम तोड़ दिया।


राष्ट्रीय राजधानी, जहां केंद्रीय गृह मंत्रालय महामारी की स्थिति पर निगरानी रख रहा है, वहां अब तक 10,770 सक्रिय मामले हैं और बीते 24 घंटों में 117 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं। यहां अब तक 1,18,633 लोग इससे उबर चुके हैं, वहीं बीते 24 घंटों में 1,126 लोग ठीक हुए हैं। दिल्ली में संक्रमण से कुल 3,907 लोगों की जान जा चुकी है।

कर्नाटक में बीते 24 घंटों में 92 लोगों की मौत दर्ज की गई है, जिसके बाद यहां कोरोनोवायरस से होने वाली मौतों की संख्या 2,147 हो गई है। राज्य में 67,456 सक्रिय मामले हैं। बीते 24 घंटों में संक्रमण के 3,014 मामले सामने आए हैं। मंत्रालय के रिकॉर्ड के अनुसार, राज्य में वायरस से 4,901 लोग ठीक हो चुके हैं।

अब तक, मिजोरम और मणिपुर में वायरस से कोई मौत नहीं हुई। मणिपुर में पिछले 24 घंटों में कुल 114 नए मामले सामने आए हैं, जबकि मिजोरम में तीन मामले सामने आए। गृह मंत्रालय ने बुधवार को ‘अनलॉक 3.0’ के लिए दिशानिर्देश जारी किए, जो 1 अगस्त से लागू होगा।

दिशानिदेशरें के अनुसार, रात के दौरान लोगों के आवागमन पर लगे प्रतिबंध को हटा गया है और योग संस्थानों और जिम को 5 अगस्त से खोलने की अनुमति दी गई है। वहीं अंतर्राष्ट्रीय हवाई यात्रा को वंदे भारत मिशन के तहत सीमित तरीके से अनुमति दी गई है।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)