‘रिंकिया के पापा’ के म्यूजिक डायरेक्टर धनंजय मिश्रा का निधन, भोजपुरी सिनेमा जगत में फैली शोक की लहर

  • Follow Newsd Hindi On  

देश और दुनिया के लिए साल 2020 बेहद खराब गुजरा है। एक तरफ पूरी दुनिया कोरोना वायरस से जंग लड़ रही है, वहीं दूसरी ओर एक के बाद एक कलाकार हमें छोड़कर जा रहे हैं। बॉलीवुड के नामी संगीतकार वाजिद खान के बाद भोजपुरी सिनेमा के जाने-माने म्यूजिक डायरेक्टर धनंजय मिश्रा (Dhananjay Mishra) का निधन हो गया है। मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती धनंजय मिश्रा का इलाज चल रहा था, लेकिन गुरुवार को उनकी मौत की खबर सामने आई है।

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के रहने वाले मिश्रा का सुबह 7 बजे के करीब निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके मुंह से अचानक खून आने लगा था, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार मीरा रोड श्मशान में किया जाएगा।


मनोज तिवारी को स्टार बनाने में रही बड़ी भूमिका

भोजपुरी सिनेमा के बड़े म्यूजिक डायरेक्टरों में धनंजय मिश्रा (Dhananjay Mishra)  का नाम लिया जाता रहा है। मिश्रा को गायक-अभिनेता से राजनेता बने मनोज तिवारी के साथ कई हिट गीत बनाने के लिए जाना जाता है। उन्होंने 2012 में मनोज तिवारी के साथ लोकप्रिय ट्रैक ‘रिंकिया के पापा’ बनाया था। धनंजय मिश्रा ने ‘लगावेलु जब लिपिस्टिक’ के गायक और भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के साथ मिलकर भी कई हिट भोजपुरी गीतों के लिए संगीत तैयार किया था।

धनंजय के अचानक निधन की दुखद खबर सामने आने के बाद, प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनकी मौत पर शोक व्यक्त किया। भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी ने उनको श्रद्धांजलि दी है।

काजल राघवानी ने दी श्रद्धांजलि

काजल राघवानी ने एक वीडियो शेयर कर धनंजय मिश्रा (Dhananjay Mishra) को श्रद्धांजलि दी। काजल ने कहा, “आज का दिन बहुत बुरा है। हम सबने एक बहुत ही अच्छे इंसान को खो दिया। उनकी उम्र अभी जाने की नहीं थी। आपकी आत्मा को शांति मिले बस यही कामना करती हूं। निश्चय ही यह एक बहुत दुखद सूचना है ! कम उम्र में उनका यूं जाना पीड़ित करता है ! इंडस्ट्री को उनकी कमी हमेशा खलती रहेगी ! मेरी विनम्र श्रद्धांजलि ! भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। और इस कठिन समय में उनके परिवार को दुख सहने के सामर्थ्य प्रदान करे।”


कई हिट फिल्मों में दिया संगीत

बता दें कि धनंजय मिश्रा ने ‘लव मैरेज’, ‘जय वीरू’, ‘दबंग सरकार’, ‘संघर्ष’, ‘नागराज’, ‘कसम पैदा करने वाले की’, ‘निरहुआ सटल रहा’, ‘भूमिपुत्र’, ‘दरोगा जी चोरी हो गईल’, ‘श्रीमान ड्राइवर बाबू’ ,और कई अन्य हिट भोजपुरी फिल्मों में संगीत दिया था। उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों के लिए भी संगीत तैयार किया था।

ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे!


सिने जगत के लिए ‘मनहूस’ साबित हो रहा है साल 2020, पिछले एक महीने में 11 हस्तियों का हुआ निधन

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)