Jharkhand: लालू यादव से रिम्स में मुलाकात करने पहुंचीं RJD विधायक, प्रशासन ने 14 दिन के लिए कर दिया क्वारंटाइन

  • Follow Newsd Hindi On  
Shahpur Vidhan Sabha Seat result and history

Jharkhand: रांची जिला प्रशासन ने चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता आरजेडी (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से बिना अनुमति मिलने पहुंची बिहार के बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र से विधायक समता देवी को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कर दिया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक रांची जिला प्रशासन ने सुश्री समता देवी को हटिया गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन कर दिया है।

विधायक सुश्री समता देवी अपने समर्थकों, दो अंगरक्षकों और एक सहायिका के साथ बुधवार को राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाजरत राजद अध्यक्ष से मिलने के लिए रांची पहुंची थीं। सूत्रों ने बताया कि बिना अनुमति के विधायक के यहां पहुंचने की सूचना के बाद एडीएम (विधि व्यवस्था) अखिलेश कुमार सिन्हा ने उन्हें सहायिका और बॉडीगार्ड के साथ क्वारंटाइन कर दिया।


जिला प्रशासन ने कहा कि कोविड-19 को लेकर जारी दिशा-निर्देश के तहत ये कार्रवाई की गई है। विधायक, गया से सड़क मार्ग के जरिए रांची पहुंची थीं। प्रदेश राजद अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने कहा कि उनके पास विधायक के पहुंचने के बारे में किसी तरह की कोई सूचना नहीं है, उन्होंने प्रशासन द्वारा उठाये गए कदम पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

रांची जिला प्रशासन ने एक बैठक कर कोरोना गाइडलाइन का राजधानी में सख्ती से पालन कराने का फैसला किया है। नतीजतन राजद प्रमुख से मिलने आने वालों के लिए यह निर्णय बड़ा रोड़ा साबित हो सकती है। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लागू सरकारी गाइडलाइन का अनुपालन अब लालू से मुलाकात करने वालों पर भी सख्ती से लागू किया जाएगा।

बिहार या दूसरे प्रदेश से लालू प्रसाद से मुलाकात करने आ रहे लोगों को 14 दिनों के क्वारंटाइन किया जा सकता है। बिहार में अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनाव होने जा रहे है। इसलिए राजद से टिकट की आस में कई नेता या कार्यकर्ता इन दिनों बड़ी तादाद में रांची आ रहे हैं।


ये सभी लोग लालू प्रसाद यादव से मुलाकात कर उन्हें अपना बायोडाटा सौंप रहे हैं। बीते कई दिनों बिहार के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने भी इस मामले पर सवाल उठाते हुए झारखंड सरकार का ध्यान इस ओर दिलाया था। इसके बाद से ही रांची में कोरोना गाइडलाइन के पालन और लालू यादव से नेताओं की मुलाकात काफी चर्चा में है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)