रूपाणी का पटनायक से आयुष्मान भारत लागू करने का आग्रह

  • Follow Newsd Hindi On  
रूपाणी का पटनायक से आयुष्मान भारत लागू करने का आग्रह

भुवनेश्वर,  गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने सोमवार को ओडिशा में अपने समकक्ष नवीन पटनायक से केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का आग्रह किया। रूपाणी ने ओडिशा में इस योजना के लागू नहीं होने पर हैरानी भी जताई।

रूपाणी ने कहा, “मैं हैरान हूं कि ओडिशा अभी तक आयुष्मान भारत योजना से नहीं जुड़ा है। केंद्र सरकार जो भी योजनाएं लागू कर रही है, वे सभी लोगों की भलाई के लिए हैं।”


भुवनेश्वर में राफेल सौदे से संबंधित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए रूपाणी ने कहा, “राज्य सरकार को स्वास्थ्य योजना से जुड़ना चाहिए, क्योंकि इसकी लागत का 60 प्रतिशत केंद्र सरकार देगी।”

राज्य सरकार अपनी खुद की बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना लागू कर रही है। इस पर रूपाणी ने कहा, “इस योजना से उन्हीं लोगों को फायदा होगा, जो ओडिशा में रह रहे हैं। ओडिशा के कई लोग अन्य राज्यों में रह रहे हैं और उन्हें इस योजना का फायदा नहीं मिलेगा, क्योंकि यह योजना अन्य राज्यों में लागू नहीं की जा सकती।”

रूपाणी जहां भुवनेश्वर के दौरे पर थे, वहीं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को गुजरात के सूरत में उड़िया महोत्सव में शिरकत की।


पटनायक पर तंज कसते हुए रूपाणी ने कहा कि 19 साल सत्ता में रहने के बाद पटनायक को सूरत में रह रहे ओडिशा के लोगों की याद आई है।

रूपाणी ने कहा, “ओडिशा में अगले साल चुनाव होने वाले हैं। पटनायक को 19 साल बाद सूरत में ओडिशा निवासियों की याद आई है। मैं पहली बार सूरत में उनके दौरे पर उनका स्वागत करता हूं।”

करीब सात लाख ओडिशा नागरिक वर्तमान में सूरत में रहकर आजीविका कमा रहे हैं। इसमें अधिकतर लोग पटनायक के गृहनगर जिले गंजम से हैं।

रूपाणी ने कहा कि उनकी सरकार ने उड़िया भाषा में शिक्षा के साथ कई अन्य सुविधाएं भी दी हैं। इसमें ओडिशा के लोगों के लिए पक्के घरों की सुविधा भी शामिल है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रूपाणी ने कहा, “ओडिशा के लोग कड़ी मेहनत करते हैं और अपने पैसों की बचत करते हैं। वे अपने राज्य में चिट फंड में निवेश करते हैं। मुझे कई शिकायतें मिली हैं कि उनके पैसों की हेरा-फेरी हुई है। ओडिशा की सरकार को इस मामले में उनकी मदद करनी चाहिए।”

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)