Uttar Pradesh: फिरोजाबाद में छेड़खानी का विरोध करने पर छात्रा की गोली मारकर हत्या

न्यूज्ड

उत्तर प्रदेश

फिरोजाबाद (Firozabad) में थाना रसूलपुर के प्रेम नगर इलाके में कुछ बदमाशों ने घर मे घुसकर एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के पीछे छेड़छाड़ (Molestation) का विरोध करना बताया जा रहा है। फिलहाल यूपी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

इस मामले में लड़की पिता ने तीन युवकों के नाम लिए हैं, पुलिस का दावा है कि इन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शुक्रवार की देर रात फिरोजाबाद में उस समय अचानक सनसनी फैल गई, जब कुछ बदमाशों ने एक छात्रा की घर मे घुसकर गोली मारकर हत्या कर कर दी।

लड़की के पिता अजय खटिक का कहना है कि कुछ लोगों ने आज मेरे घर में आकर मारपीट की और बेटी के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। पिता ने कहा कि उनकी बेटी  12वीं की छात्रा थी, वह जब घर आ रही थी तो रास्ते में इन लोगों ने उसे अपशब्द बोला, जिस पर उनकी बेटी ने जवाब दिया।

एसएसपी सचिंद कुमार पटेल ने बताया कि रसूलपुर के प्रेम नगर की ये घटना है, यहां हत्या की सूचना के बाद हम लोग मौके पर पहुंचे।मामले में मृतका के पिता ने 3 लोगों के नाम बताए हैं, जिन पर घर में घुसकर हत्या करने का आरोप है। मुकदमा लिखा जा रहा है और इस मामले में 3 टीमें गठित की जा रही हैं, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी को कई टीमें बनाकर दबिश देना शुरू कर दिया है। थाना रसूलपुर के प्रेम नगर निवासी छात्रा माता प्रसाद कलावती देवी स्कूल की 11वीं की छात्रा थी।

घटना के पीछे छात्रा से हुई छेड़छाड़ का विरोध करना बताया जा रहा है। दरअसल स्कूल जाते समय उसके साथ कुछ मनचले छेड़छाड़ कर रहे थे। इसका उसने विरोध किया था। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।