रांची: रिम्स के कोविड वार्ड में ड्यूटी पर तैनात जूनियर डॉक्टर से रेप की कोशिश, शिकायत दर्ज

  • Follow Newsd Hindi On  
Minor girl raped in Gorakhpur

झारखंड की राजधानी रांची स्थित रिम्स अस्पताल से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। रिम्स की एक जूनियर डॉक्टर के साथ उसके सीनियर ने बुधवार देर रात दुष्कर्म का प्रयास किया। जूनियर डॉक्टर ने इस मामले की शिकायत रिम्स के निदेशक के साथ-साथ बरियातू थाने में भी की है। बरियातू थाना में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट के अनुसार, रिम्स के एनेस्थेसिया विभाग की जूनियर डॉक्टर रात को कोविड वार्ड में ड्यूटी कर रही थी। क्रिटिकल केयर के एक सीनियर रेजीडेंट की भी वहां ड्यूटी लगी थी। वह हर दिन घर से आता-जाता था। लेकिन, बुधवार की रात उसने जूनियर डॉक्टर से कहा कि रात काफी हो गई है। इसके कारण वह अब घर नहीं जाएगा और उसी के कमरे में रुक जाएगा। लेकिन महिला डॉक्टर ने उसे अपने कमरे में रखने से मना कर दिया और सीनियर रेजीडेंट के लिए रिम्स के पेईंग वार्ड में एक कमरा बुक कर दिया।


इसके बाद सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर बुक कराए गए कमरे में चला गया। वहां से उसने फोन कर जूनियर डॉक्टर को बताया कि कमरे का एसी नहीं चल रहा है। आकर चेक कर लो। अपने सीनियर की शिकायत पर जूनियर डॉक्टर उसके कमरे में एसी को देखने चली गई। वह एसी का प्लग लगा ही रही थी कि सीनियर रेजीडेंट ने कमरा अंदर से बंद कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। इसके बाद वह बड़ी मुश्किल से सीनियर रेजीडेंट को धक्का देकर कमरे से बाहर निकल कर भाग गई।

गुरुवार को उसने इसकी लिखित शिकायत रिम्स निदेशक से की। इसके बाद निदेशक ने मामले को थाना में अग्रसारित कर दिया।पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। आरोपी रांची के एक मशहूर डॉक्टर का दामाद बताया जा रहा है।


झारखंड: कौन हैं सिद्धो-कान्हो विश्वविद्यालय की नई कुलपति सोना झरिया मिंज?


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)