शिमला, मनाली में बर्फबारी से पारा लुढ़का

  • Follow Newsd Hindi On  

शिमला, 7 जनवरी (आईएएनएस)| लोकप्रिय पर्यटन स्थल शिमला और मनाली में मंगलवार को अधिक बर्फबारी हुई, जबकि हिमाचल प्रदेश के निचले पहाड़ी इलाकों में बारिश हुई, जिससे तापमान में कई डिग्री की गिरावट आई है। होटल मालिक इस बात से खुश हैं कि बर्फबारी से आने वाले दिनों में पर्यटक बड़ी संख्या में आएंगे।

शिमला के पास स्थित कुफरी, फागू और नरकंडा जैसे पर्यटन स्थलों में खूब बर्फबारी हुई, जिससे हिल स्टेशन और भी खूबसूरत नजर आने लगे हैं।


हालांकि, राज्य की राजधानी में जहां 14 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई और मौसम धुंधला रहा, बारिश होने के साथ बड़े पैमाने पर बर्फ पिघल गई। यह शिमला के कुछ क्षेत्रों जैसे जाखू की पहाड़ियों पर देखा जा सकता है।

राज्य की राजधानी से 250 किलोमीटर दूर मनाली के सोलंग स्की रिसॉर्ट और कल्पा में भी बर्फबारी हुई।

मनाली से 52 किलोमीटर दूर रोहतांग दर्रा में भारी बर्फबारी हुई है।


मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया कि बुधवार तक शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा जिलों में बर्फबारी हो सकती है।

उन्होंने कहा, “सोमवार सुबह से ही ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में सामान्य से लेकर भारी बर्फबारी हो रही है, जबकि मध्य और निचली पहाड़ियों पर बारिश हुई है।”

शिमला में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कुफरी में शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

लाहौल और स्पीति जिले का केलांग राज्य में शून्य से 7 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां 15.3 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई।

धर्मशाला में 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। कल्पा में शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ, जहां 15.2 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई और मनाली में 8 सेंटीमीटर बर्फबारी के साथ शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज हुआ।

मनाली के पास कोठी में 45 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई, जो राज्य में सबसे अधिक है।

एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि बर्फबारी के कारण शिमला जिले के नरकंडा, जुब्बल, कोटखाई, खरापाथर, रोहड़ू और चोपाल जैसे कस्बों का किन्नौर जिले से संपर्क आंशिक रूप से टूट गया।

अधिकारी ने कहा कि शिमला के ऊपरी इलाकों के कस्बों का सड़क मार्ग दोपहर तक बहाल होने की संभावना है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)