शिवसेना के केंद्रीय मंत्री अरविंद सावंत देंगे इस्तीफा (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली/मुंबई, 11 नवंबर (आईएएनएस)| केंद्रीय मंत्रिमंडल में शिवसेना के एकमात्र मंत्री अरविंद सावंत ने कहा कि वे सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। अरविंद सावंत केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री हैं। सावंत ने कई ट्वीट कर कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-शिवसेना के बीच सत्ता साझेदारी को लेकर एक समझौता हुआ था।

सावंत ने कहा, “दोनों पक्षों ने यह स्वीकार किया था, लेकिन इससे इंकार कर शिवसेना को झूठा बताने की कोशिश की गई। यह चौंकाने वाला है और राज्य के स्वाभिमान पर धब्बा है।”


उन्होंने महाराष्ट्र भाजपा पर समझौता तोड़ने के लिए झूठ का सहारा लेने का आरोप लगाया।

सावंत ने कहा, “झूठ के ऐसे माहौल में मुझे केंद्रीय मंत्रिमंडल में क्यों बने रहना चाहिए? मैं आज सुबह 11 बजे मीडिया से बात करूंगा।”

महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर भाजपा और शिवसेना के बीच पिछले 18 दिनों से चल रहे विवाद के बाद सावंत ने ट्वीट कर अपनी योजनाएं बताई हैं।


भाजपा की प्रदेश इकाई ने रविवार को राज्यपाल बी.एस. कोश्यारी को सूचित कर दिया कि वह सरकार नहीं बना सकती है, हालांकि चुनाव पूर्व बने गठबंधन में पूर्ण बहुमत प्राप्त कर लिया था।

अब राज्यपाल ने प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी शिवसेना को सरकार बनाने और सोमवार शाम तक जवाब देने के लिए आमंत्रित किया है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)