ईस्टर के मौके पर बम धमाकों से दहला श्रीलंका, 138 लोगों की मौत और 400 से अधिक घायल

  • Follow Newsd Hindi On  
ईस्टर के मौके पर बम धमाकों से दहला श्रीलंका, 138 लोगों की मौत और 400 से अधिक घायल

कोलंबो। श्रीलंका में रविवार को चीन चर्च और दो फाइव स्टार होटलों में विस्फोट हुआ। यह घटना ऐसे समय हुई जब ईसाई समुदाय ईस्टर मना रहा है। समाचार पत्र ‘डेली मिरर’ के मुताबिक, विस्फोट कोचिकाडे के कोटाहेना स्थित सेंट एंथनी चर्च में, काटना के कटुवापिटिया स्थित सेंट सेबेस्टियन चर्च में और तीसरा बटीकालोआ में हुआ है।

समाचार पत्र ने बताया कि विदेशी पर्यटकों सहित कई लोगों के घायल होने की खबर है। अल जज़ीरा के अनुसार,  विस्फोट में अब तक 138  लोगों के मारे जाने की खबर है। इन सीरियल धमाकों में 400 से अधिक लोगों के घायल होने की भी खबर है। बताया जा रहा है कि चर्च के अलावा दो अन्य होटल के पास भी धमाके हुए हैं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।


श्रीलंकन पुलिस के मुताबिक, यह ब्लास्ट तीन चर्च और तीन होटलों में हुए हैं। पुलिस ने बताया है कि विस्फोट राजधानी के कई आलीशान होटलों और एक चर्च में हुआ है, जबकि दो अन्य धमाके कोलंबो के बाहर चर्च में हुए हैं। दरअसल यह धमाका उस समय हुआ, जब ईस्टर की प्रार्थना के लिए लोग चर्च में एकत्रित हुए थे। चर्च के बाहर भीड़ थी। पुलिस ने बताया कि स्थानीय समयनुसार पहला धमाका सुबह 8:45 पर हुआ। हालांकि, अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

श्रीलंका में हुए कई विस्फोटों पर भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि मैं कोलंबो में भारतीय उच्चायुक्त के साथ लगातार संपर्क में हूं। हम स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए हैं। श्रीलंका में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। भारतीय दूतावास की ओर से ट्वीट किया गया है, जिसमें लिखा है ‘कोलंबो और बट्टीकालोआ में धमाके की खबरे हैं। हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मदद या किसी जानकरी के लिए भारतीय नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: +94777903082 +94112422788 +94112422789. श्रीलंका के नंबरों के अलावा इन भारतीय नंबरों पर भी संपर्क कर सकते हैं: +94777902082 +94772234176.

(इनपुट: आईएनएस)


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)