सीएए : प्रियंका कर सकती हैं शांतिपूर्वक विरोध करने वालों की हौसला-अफजाई

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)| कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 28 दिसंबर को कांग्रेस के स्थापना दिवस पर लखनऊ आ सकती हैं और नागरिकता संसोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) पर शांतिपूर्वक आंदोलन करने वालों की हौसला-अफजाई कर सकती हैं। हालांकि पदाधिकारी खुलकर जानकारी देने से मना कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो प्रियंका गांधी 28 दिसम्बर को लखनऊ आकर सीएए और एनआरसी के खिलाफ हुए आंदोलन में शामिल होने वालों का हौसला-अफजाई करेंगी। कांग्रेस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन कार्यक्रम को लेकर तैयारियां युद्घ स्तर पर हो रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने इस दिन शांति मार्च का आयोजन करने की योजना बनाई है, जिसमें प्रियंका गांधी के शामिल होने की उम्मीद है। इसका एक कारण यह भी बताया जा रहा है कि लखनऊ में एनआरसी और सीएए को लेकर पिछले दिनों हुई घटनाएं भी हैं। शांति मार्च का आयोजन सेवादल की ओर से किया जा रहा है और इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार गोष्ठी भी आयोजित कर रही है।


सूत्रों ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस में दिल्ली में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल होंगे जबकि प्रियंका गांधी लखनऊ के कार्यक्रम में शामिल होंगी।

उधर कांग्रेस के निष्कासित नेता भी स्थापना दिवस जोर शोर से मनाने की तैयारी कर रहे हैं इसलिए पार्टी की ओर से इस पर भी नजर रखने का इशारा किया गया है।

 


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)