श्रेया घोषाल: 16 साल की लड़की जिसने ऐश्वर्या राय के लिए प्लेबैक सिंगिंग की

  • Follow Newsd Hindi On  
श्रेया घोषाल: 16 साल की लड़की जिसने ऐश्वर्या राय के लिए प्लेबैक सिंगिंग की

श्रेया घोषाल की मधुर आवाज हर किसी को उनका दीवाना बना देती है। उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री को कई बेतहरीन गाने दिए हैं। आज श्रेया घोषाल अपना 35वां बर्थडे मना रही हैं। श्रेया का जन्म 12 मार्च, 1984 को हुआ था।

महज चार साल की उम्र से गाने का शौक रखने वाली श्रेया आज बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर है। 12 मार्च 1984 को पश्चिम बंगाल के ब्रह्मपुर (मुर्शीदाबाद) में जन्मीं श्रेया ने कई बुरे दौर भी देखें। तमाम मुश्किलों के बावजूद भी श्रेया नाम कमाने में कामयाब रहीं। गाने की शुरुआती शिक्षा उन्हें अपनी मां से मिली। महेश चंद्र शर्मा के निर्देशन में श्रेया ने हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत की विधिवत शिक्षा ली। श्रेया की मेहनत ने अपना रंग दिखाया और उन्होंने संगीत कार्यक्रम सा रे गा मा के मंच पर अपनी आवाज का जादू बिखेर दिया।


रियलिटी शो में उनकी परफॉर्मेन्स ने फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली का ध्यान अपनी ओर खींचा। भंसाली ने साल 2000 में अपनी फिल्म ‘देवदास’ में गाना गाने का मौका दिया। इस फिल्म में श्रेया ने इस्माइल दरबार के संगीत निर्देशन में पांच गाने गाए। इसके लिए उन्हें नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला था। साथ ही बैरी पिया गीत के लिए बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का फिल्म फेयर, आरडी बर्मन न्यू म्यूजिक टैलेंट फिल्म फेयर अवॉर्ड भी मिला।

श्रेया घोषाल के गानों में विविधता है

देवदास के बाद एआर रहमान, अनु मलिक, हिमेश रेशमिया, मणि शर्मा, एमएम किरावनी, नदीम-श्रवण, शंकर-एहसान-लॉय, प्रीतम, विशाल-शेखर, हंसलेखा, मनो मूर्ति, गुरुकिरण, इल्लया राजा, युवन शंकर राजा और हैरीज जयराज समेत बहुत सारे संगीत निर्देशकों के निर्देशन में बहुत सारी अभिनेत्रियों के लिए गाती रही हैं। उन्होंने उत्तर और दक्षिण फिल्म उद्योगों के लिए बहुत सारे पुरस्कार जीते हैं।

भूल-भुलैया के ‘मेरे ढोलना’ गीत के लिए भी उन्हें बहुत वाहवाही मिली। लता मंगेशकर को अपना आदर्श मानने वाली घोषाल आज फिल्म उद्योग की एक प्रतिष्ठित गायिका हैं। उन्होंने हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम, बंगाली, कन्नड, गुजराती, मेइती, मराठी और भोजपुरी समेत विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में गाने रिकॉर्ड किए हैं। उन्होंने बहुत सारे भारतीय टीवी धारावाहिकों के लिए शीर्षक गीत भी गाए हैं। हाल ही में श्रेया ने एक वेब सीरीज के लिए गाना गाया है।


रिएलिटी शो में किस्मत आजमाने वाली श्रेया घोषाल आज रिएलिटी शोज जज करती हैं

2004 के बाद से लेकर अभी तक श्रेया घोषाल फिल्म इंडस्ट्री की टॉप गायिकाओं में से एक हैं। उनके खाते में सैकड़ों हिट गाने हैं। उन्होंने इस दौर के सभी संगीतकारों के साथ काम किया है। मौजूदा दौर ‘वेराइटी’ से भरा हुआ है। श्रेया का मानना है कि अगर अलग-अलग मूड के गाने गाने हैं तो अलग-अलग मूड के गाने सुनने भी चाहिए। श्रेया घोषाल इन बातों से वाकिफ हैं। करीब डेढ़ दशक के अपने प्लेबैक सिंगिग करियर में श्रेया घोषाल चार नेशनल अवॉर्ड्स जीत चुकी हैं। उनके खाते में 6 फिल्मफेयर अवॉर्ड हैं। वक्त ने भी क्या शानदार करवट ली है। कभी खुद रिएलिटी शो में किस्मत आजमाने वाली श्रेया घोषाल आज रिएलिटी शोज में जज बनती हैं।

अमेरिका के ओहियो में  मनाया जाता है श्रेया घोषाल डे

श्रेया ने साल 2015 में शिलादित्य मुखोपाध्याय से बंगाली रीति-रिवाज के अनुसार शादी की थी। वेडिंग से पहले कपल 10 साल तक रिलेशनशिप में रहा। श्रेया ने अपनी गायकी से न केवल हिंदुस्तान में बल्कि विदेश में भी नाम कमाया है। अपने गानों के दम पर श्रेया ने तमाम राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं। फिल्मफेयर अवॉर्ड विजेता श्रेया के नाम पर आज भी अमेरिका के ‘ओहियो’ राज्य में 26 जून का दिन ‘श्रेया घोषाल डे’ के नाम से मनाया जाता है।

जन्मदिन पर श्रेया के कुछ स्पेशल गाने सुनिए

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)